16-Mar-2022 09:18 PM
8978
नई दिल्ली 16 मार्च (AGENCY) कजाखिस्तान के अल्माटी में सात से 14 मार्च तक खेली गयी 16वीं जूनियर महिला हैंडबाल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम करने के साथ ही भारतीय लड़कियों ने स्लोवानिया में होने वाली 23वीं महिला जूनियर वर्ल्ड हैंडबाल चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
भारतीय हैंडबाल के इतिहास में प्रियंका ठाकुर की कप्तानी में अब तक की सबसे बड़ी सफलता हासिल करने वाली भारतीय लड़कियों का वापसी के बाद बुधवार को यहां करनैल सिंह स्टेडियम में एक भव्य समारोह में स्वागत के साथ सम्मानित किया गया। इस मौके पर भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने कहा “ भारतीय टीम ने चैंपियनशिप में एशिया की सर्वश्रेष्ठ जूनियर टीमों को कड़ी टक्कर देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। मुझे विश्वास है कि निकट भविष्य में आप के प्रदर्शन में और सुधार होगा तथा आप वर्ल्ड लेवल पर भी दबदबा बनाएंगे।”
भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष डा.आनन्देश्वर पाण्डेय, हैंडबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ए. जगनमोहन राव, महासचिव डा.तेजराज सिंह, कार्यकारिणी सदस्य स्वाति शुक्ला ने भारतीय टीम की सराहना करते हुए उन्हें आगामी वर्ल्ड जूनियर हैंडबाल चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी।
भारतीय टीम ने अपने अंतिम लीग मैच में सोमवार को थाईलैंड को 41-18 से हराकर सर्वोच्च 6 अंक के साथ शीर्ष पर रहते हुए स्वर्ण पदक जीता था। मैच में भारत ने ब्रेक तक 20-9 की बढ़त बना ली थी। कप्तान प्रियंका ठाकुर जिन्होंने नौ गोल किए थे। उन्हें बेस्ट राइट विंगर चुना गया था। इसके साथ भारत की चेतना शर्मा सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और भावना शर्मा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुनी गयी थी। इससे पूर्व भारत ने उज्बेकिस्तान को 32-31 से हराया था जबकि दूसरे मैच में भारतीय टीम ईरान के हाथों 37-42 से हार गयी थी। इसके बाद भारतीय टीम ने मेजबान कजाखिस्तान को 29-21 से हराकर पदक पक्का किया था।...////...