23-Jun-2022 07:11 PM
5463
सिरसा, 23 जून (AGENCY) तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के दौरान हरियाणा के सिरसा में एक कार्यक्रम के दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष रणवीर गंगवा की गाड़ी पर पथराव को लेकर किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे को रद्द करने पर श्री गंगवा और किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल के बीच गुरुवार को बैठक के बाद सहमति बन गई।
प्रतिनिधिमंडल आज चंडीगढ़ में विधानसभा उपाध्यक्ष रणवीर गंगवा से मिला। इस दौरान हरियाणा बिजली एवं जेल मंत्री रणजीत सिंह भी मौजूद रहे।
किसान नेता गुरलाल भंगू ने बताया कि बैठक के बाद मामले की वापसी के निर्देश श्री गंगवा ने प्रशासनिक अधिकारियाें को दिये। किसान आंदोलन के दौरान पिछले साल जुलाई में किसानों ने श्री गंगवा और अन्य भाजपा नेताओं के चौधरी देवीलाल विश्व विद्यालय में कार्यक्रम के विरोध में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पथराव में श्री गंगवा की कार के शीशे टूट गये थे, जिसके बाद किसानों पर राजद्रोह, इरादा कत्ल और अन्य संगीन धाराएं लगाकर मुकदमा दर्ज हुआ था।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के पिछले साल दिसंबर में किसान नेताओं से समझौते में यह आश्वासन दिये जाने के बावजूद कि आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लिये जाएंगे, मामले लंबित थे और पिछली 29 मई को सिरसा के गांव ओढ़ां में आयोजित प्रगति रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का विरोध करने का एलान किसानों ने किया गया था। इस ऐलान के बाद सिरसा के उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने किसानों के साथ एक बैठक कर किसानों को विश्वास दिलाया था कि वह इस विषय पर जल्द ही उनकी हरियाणा सरकार से बैठक करवाएंगे। आज की बैठक के बाद किसानों पर सभी दर्ज केस वापस करने को लेकर सहमति बनी।...////...