26-Mar-2022 07:12 PM
4316
पचमढ़ी, 26 मार्च (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के मंत्री अपनी क्षमताओं का उपयोग कर बेहतर परिणाम प्रस्तुत करें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज पचमढ़ी में प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित दो दिवसीय चिंतन बैठक में कहा कि हमें आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के सभी कार्य कर नया इतिहास रचना होगा। प्रदेश के सभी मंत्रियों में चमत्कारिक क्षमता है, वे विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य कर सकते हैं। हमें टीम भावना से कार्य कर प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाना है।
श्री चौहान ने कहा कि कोरोना जैसी विपरीत परिस्थितियों के समय अनेक क्षेत्र में उपलब्धियाँ अर्जित की गई हैं। नए विचारों, परिश्रम के अधिकाधिक प्रयासों के साथ प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के प्रयास करें। उन्होंने कहा कि यशस्वी होकर जीने का विशेष महत्व है। समय का सदुपयोग करते हुए हमे अपने अदभुत कार्य से आम जनता को लाभान्वित करना है। सभी लोग अपनी क्षमताओं का उपयोग कर प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ प्रांत बनाने का प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि नवीन क्षेत्रों में विकास के प्रयास किए जाएँ। कृषि सहित वन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, निवेश वृद्धि और अन्य क्षेत्रों में और भी बेहतर कार्य मध्यप्रदेश में हो सकता है। मंत्रीगण ऐसे प्रयासों का नेतृत्व करें। बैठक में मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी भी उपस्थित थे।...////...