कुछ ग्राम अधिक वजन पाये जाने पर विनेश फोगाट अयोग्य घोषित
07-Aug-2024 03:39 PM 3717
पेरिस 07 अगस्त (संवाददाता) पेरिस ओलंपिक में बुधवार को महिलाओं की 50 किग्रा की स्पर्धा से भारतीय पहलवान विनेश फोगाट का वजन कुछ ग्राम अधिक पाये जाने पर उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय ओलंपिक संघ ने इस स्थिति पर खेद व्यक्त किया है। आधिकारिक बयान में बताया गया कि आज सुबह विनेश का वजन कुछ ग्राम अधिक पाया गया और यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग नियम के तहत उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया है। भारतीय ओलंपिक संघ ने एक बयान जारी कर इस स्थिति पर गहरा खेद व्यक्त किया। आईओए ने बयान में कहा, “यह खेदजनक है कि भारतीय दल महिला कुश्ती 50 किग्रा वर्ग से विनेश फोगट को अयोग्य घोषित किए जाने की खबर साझा करता है। रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किग्रा से कुछ ग्राम अधिक था। इस समय दल द्वारा कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी। भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है। वह मौजूदा प्रतियोगिताओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहेगा।” यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) के नियमों के अनुसार फोगट को इस स्पर्धा की रैंकिंग में अंतिम स्थान पर रखा जाएगा। यह निर्णय भारतीय पहलवान के असाधारण प्रदर्शन का एक नाटकीय और निराशाजनक अंत दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को विनेश फोगाट ने लगातार तीन मुकाबलों मे जीत दर्ज करते हुए महिलाओं की 50 किग्रा स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आज का झटका दुखदाई है। काश शब्द उस निराशा की भावना को व्यक्त कर पाते जो मैं अनुभव कर रहा हूँ। साथ ही, मैं जानता हूं कि आप जुझारूपन का प्रतीक हैं। चुनौतियों का डटकर मुकाबला करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है। मजबूत होकर वापस आइए! हम सब आपके साथ हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^