लालू राज में सांप्रदायिक-जातीय दंगे और नरसंहारों की आग में जलता रहा बिहार : सम्राट
23-Oct-2024 08:29 PM 2424
पटना 23 अक्टूबर (संवाददाता) बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के 15 साल के राज में न केवल साम्प्रदायिक दंगे हुए बल्कि जातीय दंगे और नरसंहारों की आग में भी प्रदेश जलता रहा। श्री चौधरी ने बुधवार को यहां कहा कि श्री यादव कथित रूप से राजनीतिक कारणों से दंगाइयों के किसी न किसी वर्ग को संरक्षण भी देते रहे। लालू राज में सीतामढ़ी का वह भीषण दंगा आज भी लोग नहीं भूले हैं, जिसमें सैंकड़ों लोग घायल हुए और सम्पत्ति का भारी नुकसान हुआ था। वर्ष 1992 में वहां दो समुदायों के बीच हिंसा भड़की और 65 लोग मारे गए थे। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि श्री यादव दंगा क्यों नहीं रोक पाए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजद अध्यक्ष श्री यादव की पत्नी राबड़ी देवी के शासनकाल में बिहारशरीफ भी दंगों की आग में जला था। उन्होंने दावा किया कि बिहार में श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जब तक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार है साम्प्रदायिकता, अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति कायम रहेगी। राज्य सरकार दंगाइयों पर कड़ी नजर रखती है। इसकी चिंता श्री यादव न करें। श्री चौधरी ने कहा कि जिन लोगों ने भागलपुर दंगा, सीवान के आतंक शहाबुद्दीन को संरक्षण दिया वह किस मुंह से दंगों को लेकर बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद की जमीन खिसक गई है। वे लोकसभा में केवल चार सीट जीत पाए इसलिए श्री यादव अल्पसंख्यकों को भाजपा का भय दिखा कर वोट बैंक को साधने की कोशिश कर रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^