लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी ने कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
10-Apr-2022 09:03 PM 8881
श्रीनगर 10 अप्रैल (AGENCY) उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी अपने तीन दिवसीय यात्रा पर रविवार को यहां पहुंचे। उन्होंने कश्मीर घाटी और सीमा नियंत्रण रेखा (एलओसी) में स्थिति की समीक्षा की। रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी को श्रीनगर स्थित लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे, जनरल ऑफिसर कमांडिंग चिनार कॉर्प्स ने घाटी में मौजूदा सुरक्षा स्थिति और घुसपैठ को रोकने के लिए किए गए उपायों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान सेना कमांडर ने चिनार कोर के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ को नाकाम करने के किए गए उपायों की सराहना की और भारत तथा पाकिस्तान दोनों के सैन्य अभियानों के महानिदेशक (डीजीएमओ) के बीच युद्धविराम समझौते का पालन करने के लिए अधिकारियों की तारीफ की। प्रवक्ता ने बताया कि सेना कमांडर ने अंदर के इलाकों में आतंकवाद रोधी अभियानों में लगे दो मुख्यालयों का दौरा किया। उन्होंने शून्य अनुप्रासांगिक क्षति सुनिश्चित करते हुए सटीकता के साथ संचालन के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने आतंकवाद रोधी अभियानों में शामिल सैनिकों द्वारा न्यूनतम बल प्रयोग और न्यायपूर्ण आचरण के सिद्धांत पर जोर दिया। लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी ने कश्मीर में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। सेना कमांडर ने श्रीनगर के बादामी बाग छावनी में 92 बेस अस्पताल का दौरा किया और वहां भर्ती मरीजों की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती सीआरपीएफ के जवानों से भी बातचीत की। सेना कमांडर 11 अप्रैल को सीमा से सटे इलाकों का दौरा करेंगे और नियंत्रण रेखा पर तैनात जवानों से बातचीत करेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^