माधवराव सिंधिया ने अपना पूरा जीवन भारत माता की सेवा के लिए समर्पित किया-शिवराज
05-Aug-2023 05:17 PM 3757
भोपाल, 05 अगस्त (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि स्वर्गीय माधवराव सिंधिया ने अपना पूरा जीवन भारत माता के लिए समर्पित किया। श्री चौहान ने टीकमगढ़ सर्किट हाऊस में स्व. माधवराव सिंधिया की प्रतिमा अनावरण अवसर पर अपने संबोधन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि स्व़ माधवराव सिंधिया रेल मंत्री रहे और उन्होंने भारत में शताब्दी एक्सप्रेस आरंभ कर एक नए युग की शुरूआत की। नागरिक उड्डयन मंत्री, पर्यटन मंत्री और मानव संसाधन विकास मंत्री के रूप में भी उन्होंने देश की अभूतपूर्व सेवा की। स्व़ माधवराव सिंधिया के चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित हैं। कार्यक्रम में केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत तथा अन्य मंत्री व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। श्री चौहान ने कहा कि हम यह संकल्प लेते हैं कि राजमाता से लोकमाता के रूप में प्रदेशवासियों के मन में वास करने वालीं स्व़ विजयाराजे सिंधिया और बड़े महाराज स्व. माधवराव सिंधिया ने प्रदेश के विकास के लिए जो संकल्प लिए, उन्हें हम अधूरा नहीं रहने देंगे। उन्होंने प्रतिमा स्थापना में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का आभार माना।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^