मानव तस्करी मामले में पंजाबी गायक दलेर मेंहदी गिरफ्तार
14-Jul-2022 10:46 PM 5855
पटियाला, 14 जुलाई (AGENCY) पंजाब में पटियाला की एक अदालत के वर्ष 2003 के मानव तस्करी मामले में पंजाबी गायक दलेर मेंहदी की दो वर्ष की कैद की सज़ा बरकरार रखे जाने के बाद पुलिस ने उसे आज गिरफ्तार कर लिया। मेंहदी को पटियाला की निचली अदालत ने वर्ष 2003 के उक्त मामले में 15 साल की सुनवाई के बाद 2018 में दोषी करार देते हुये दो साल कैद की सजा सुनाई थी। उन्हें हालांकि बाद में जमानत मिल गई थी। इस मामले में उनके भाई शमशेर मेंहदी और दो अन्य भी आरोपी थे। इन पर अपने संगीत दल(क्रू सदस्य) की आड़ में लोगों को विदेश ले जाने तथा उनसे मोटी रकम ऐंठने का आरोप था। शमशेर मेंहदी की मृत्यु हो चुकी है। मेंहदी ने निचली अदालत के फैसले को पटियाला सत्र अदालत में चुनौती दी थी जिसने सज़ा को बरकरार रखते हुये पुलिस को उसे गिरफ्तार करने के आदेश दिये। पुलिस ने मेंहदी को गिरफ्तार करने के बाद मैडीकल जांच कराई। सूत्रों के अनुसार पुलिस उन्हें पटियाला सैंट्रल जेल ले जा सकती है जहां कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर रोड रेज मामले में एक साल की कठोर कारावास की सज़ा काट रहे हैं। मेंहदी और तीन अन्यों के खिलाफ बख्शीश सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था जिसमें आरोप लगाया गया था के आरोपियों ने उनसे पैसे तो ले लिये लेकिन विदेश नहीं लेकर गये। पुलिस को बख्शीश के अलावा 35 और लोगों की भी ऐसी ही शिकायतें प्राप्त हुई थीं। आारोपी इससे पहले कम से कम दस लोगों को क्रू सदस्य की आड़ में विदेश पहुंचा चुके थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^