फोरलेन सड़क बनाने की मांग को लेकर बबली मिले गडकरी से
13-Jul-2022 06:42 PM 7783
सिरसा 13 जुलाई (AGENCY) हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उनके साथ फतेहाबाद के उपायुक्त प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे। मंगलवार को हुई मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के ध्यान में लाया गया कि हरियाणा को पंजाब से जोडऩे वाला मार्ग सुरेवाला से टोहाना तक सिंगल रोड है, जिससे यातायात में परेशानी आती है और भारी वाहन गुजरने से रोड क्षतिग्रस्त हो चुका है। इस मामले में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने संज्ञान लिया। अब सुरेवाला मोड से टोहाना तक फोरलेन व हांसपुर चौक पर फ्लाई ओवर बनाने की व्यवहारिकता जांचने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम दौरा करेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने बताया कि उनकी मुलाकात काफी सौहार्दपूर्ण व उत्साहवर्धक हुई है। केंद्रीय मंत्री को विभिन्न परिवहन योजनाओं बारे विस्तृत जानकारी दी गई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर राज्य सरकार सुरेवाला मोड से टोहाना रोड को फोरलेन करने के लिए जमीन अधिग्रहित कर देती है तो एनएचएआई इसे फोरलेन बनाएगा। इसके अलावा परिवहन मंत्रालय फतेहाबाद जिला में यातायात को सुगमता देने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों के सुधारीकरण के साथ-साथ उनके फोरलेन बनाने पर विचार करेगा। उन्होंने बताया कि हांसपुर चौक फतेहाबाद पर फ्लाई ओवर बनाए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। श्री बबली ने टोहाना से कुलां रोड को चौड़ा करने तथा जमालपुर शेखां में रेलवे ओवर ब्रिज बनाने की मांग भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को यहां पर फ्लाई ओवर बनाए जाने की व्यवहारिकता जांचने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने बताया कि सुरेवाला मोड से टोहाना तक फोरलेन बनने से हरियाणा से पंजाब के यातायात में सुगमता आएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^