मध्यप्रदेश में आज चल रही भाजपा की सरकार, बेईमानी और चोरी की सरकार: खड़गे
14-Nov-2023 11:00 PM 4887
दतिया/ श्योपुर, 14 नवंबर (संवाददाता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला करते हुए कहा कि आज मध्यप्रदेश में जो भाजपा की सरकार चल रही है वह बेईमानी और चाेरी की सरकार है। श्री खड़गे ने आज दतिया के इंदरगढ़ और श्योपुर जिले में आयोजित कांग्रेस की जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बहुत अहम चुनाव है, पिछली बार भी जनता ने कांग्रेस की सरकार बनाई थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरकार की चोरी कर ली। अब जनता की जिम्मेदारी है कि इस बार वह फिर से प्रचंड बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनाएं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने खून पसीना बहाकर इस देश को आजादी दिलाने का काम किया है। दलितों आदिवासियों, महिलाओं को अगर सच्ची आजादी किसी ने दिलायी है तो वह महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, बाबासाहेब अंबेडकर और सरदार पटेल जैसे अनेकों कांग्रेस के नेताओं ने दिलायी है। भाजपा के लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं वह नहीं चाहते हैं कि गरीबों के बच्चे पढ़े, दलितों के बच्चे पढ़े-लिखे और आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कुपोषण की स्थिति यह है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां के बच्चों को न तो पोषण आहार दे पा रहे हैं, ना ही महिलाओं को सुरक्षा। मध्यप्रदेश में भाजपा के नेता आदिवासी पर अमानवीय व्यवहार करने का काम करते हैं। भाजपा के पास झूठ बोलने की बहुत बड़ी लिस्ट है। देश में आज रेलवे, डाकघर, डिफेन्स में 30 लाख नौकरियां खाली हैं लेकिन भाजपा 10-15 हजार लोगों को नौकरी देकर वाह वाही लूटने का का काम करती है। श्री खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की सरकार थी तब हमने मनरेगा देने का काम किया, जिससे मजदूर और किसानों की स्थिति मजबूत हुई, गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने भी बड़े-बड़े कारखाने खोलकर देश के लोगों को काम दिया। कांग्रेस ने लोगों की समस्याओं को सुना समझा और उनकी मदद करने का काम किया। क्योंकि कांग्रेस जो कहती है वह करके दिखाती है। लेकिन भाजपा के पास एक वाशिंग मशीन है जिसमें वो भ्रष्ट लोगों को डालकर उन्हें भाजपा में शामिल कर लेते हैं। श्री खड़गे ने कहा कि मप्र में कांग्रेस की सरकार आने पर हम कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने का काम करेंगे, 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का लाभ भी मिलेगा, 12 घंटे सिंचाई के लिए बिजली किसानों को देने का काम करेंगे। हमारी 15 महीने की सरकार थी तब हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था और फिर से सरकार आने पर हम करेंगे। हम बच्चों को पढ़ने के लिए फ्री एजुकेशन स्कीम लाये हैं। उन्होंने कहा कि हम 11 गारंटी लेकर आये है। हम महिलाओं को 1500 रूपए प्रति महीने देंगे, हम 500 रू में गैस का सिलेंडर देंगे, 100 यूनिट फ्री बिजली देंगे, किसानों को 5 हॉर्स पॉवर सिचाई की बिजली माफ़ करेंगे, जातिगत जनगणना करने का काम करेंगे, किसान आंदोलन के समय के सभी मुकद्दमे वापिस लेने का काम करेंगे। श्री खड़गे ने कहा कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी की तरह झूठे वादे नहीं करती है हमारा लक्ष्य है कि हम जनता को राहत दें और जनता को मजबूत बनाएं। आपको डरने की जरूर नहीं है कांग्रेस आपके साथ है। जनसमूह को संबोधित करते हुये कहा कि मुझे भी आप पर पूरा भरोसा है कि आप कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^