महाराष्ट्र सरकार में 39 मंत्रियों ने ली शपथ
15-Dec-2024 09:09 PM 4784
मुंबई,15 दिसंबर (संवाददाता) महाराष्ट्र सरकार में 39 नए मंत्रियों ने रविवार को शपथ ली। शपथ समारोह राज्य की दूसरी राजधानी नागपुर में आयोजित किया गया और यह ऐतिहासिक पल है, क्योंकि यह समारोह 30 वर्षों से अधिक समय के बाद नागपुर में आयोजित किया गया। सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र की पूर्व संध्या पर मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। यह सत्र सोमवार से यहां शुरू होने वाला है। दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार भी उपस्थित थे।इन 39 मंत्रियों में से 33 कैबिनेट रैंक के हैं, जबकि शेष राज्य मंत्री हैं। इनमें से 20 नए मंत्री हैं, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 19, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(राकांपा) (अजित गुट) के नौ और शिवसेना शिंदे समूह के 11 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संदीप खार्देकर ने बताया कि महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कई विधायकों को सुबह व्यक्तिगत रूप से फोन कर उनके मंत्रिपद के बारे में सूचित किया। शपथ समारोह में कई प्रमुख नेताओं ने भाग लिया, जिनमें चंद्रकांत पाटिल, हसन मुश्रीफ, दादा भुसे, श्री बावनकुले, गिरीश महाजन, संजय राठौड़, मधुरी मिसाल, धनंजय मुंडे और मंगल प्रभात लोढ़ा शामिल हैं। श्री लोढ़ा ने संस्कृत में शपथ ली जबकि श्री मुश्रीफ ने अल्लाह के नाम पर शपथ ली और अन्य नेताओं ने हिंदू देवताओं के नाम पर शपथ ली। राकांपा (अजित गुट) के दो वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मंत्रियों छगन भुजबल और दिलीप वाल्से-पाटिल को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^