मंदिर और धार्मिक न्यास बोर्ड की जमीन कब्जा करने वालों पर हो रही कार्रवाई : प्रमोद
19-May-2022 06:22 PM 7771
पटना 19 मई (AGENCY) बिहार के विधि, न्याय एवं गन्ना उद्योग मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि मंदिर एवं धार्मिक न्यास बोर्ड की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। श्री कुमार ने गुरुवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मंदिरों की जमीन को चिन्हित करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आ चुका है। विधानसभा के पिछले सत्र में भी यह सवाल उठाया गया था। जो भी सरकारी सम्पत्ति है उसे चिन्हित किया जा रहा है।जिलाधिकारी अपने जिले में सरकारी सम्पत्ति को चिन्हित कर रहे हैं। अतिक्रमण वाले जगहों को खाली कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी मंदिर और धार्मिक न्यास बोर्ड की जमीन को कब्जा कर रहे हैं उस पर कार्रवाई की जा रही है। मंत्री ने ज्ञानवापी मामले में पूछे जाने पर कहा कि यह उच्च न्यायालय के विचाराधीन मामला है। उन्होंने कहा कि देश संविधान के आधार पर चलता है, जाति के आधार पर नहीं। जिस संविधान पर देश चल रहा है उससे खतरा बताने वाले लोगों की जनता नोटिस नहीं लेती है। श्री कुमार ने कहा कि पहले और आज के अपराध में अंतर है। पहले अपराधी को संरक्षण प्राप्त था। उनकी गिरफ्तारी नहीं होती थी । बिहार सरकार ने इसका डाटा तैयार किया है। अपराधी पकड़े जा रहे हैं। उन पर कार्यवाही हो रही है। उन्होंने कहा, “हम वर्ग विभेद पैदा करना नहीं जानते हैं, भाजपा राष्ट्रवाद पर चलती है। समाज के कुछ लोग असंतुष्ट हैं जो देश को तोड़ना चाहते हैं। भारत में रहने वाला हर व्यक्ति भारतीय है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^