मोदी ने किया खेल महाकुम्भ का उद्घाटन, कहा- खेल की शक्ति बन कर उभर रहा भारत
12-Mar-2022 11:43 PM 3903
अहमदाबाद, 12 मार्च (AGENCY) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने गृह राज्य गुजरात में 11 वें खेल महाकुम्भ का उद्घाटन किया जिसमें 36 खेल और 26 पैरा खेल स्पर्धाओं में क़रीब 55 लाख खिलाड़ी शिरकत करेंगे। श्री मोदी ने इस मौक़े पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की उपस्थिति में राज्य की खेल नीति 2022 को भी लॉंच किया। श्री मोदी ने अपने सम्बोधन में कहा कि हाल में टोक्यो ओलम्पिक और पैरा ओलम्पिक में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला भारत अपने युवा शक्ति के बल पर खेल की दुनिया में और बड़ी सफलतायें हासिल करता रहेगा। उन्होंने इस मौक़े पर गुजरात और देश भर में खेल जगत में हुए सकारात्मक बदलावों की भी विस्तार से चर्चा की। श्री मोदी ने कहा की आज देश के युवा खेल समेत हर क्षेत्र में कमाल कर रहे हैं। पहले खेल जगत में खिलाड़ियों के चयन में पारदर्शिता की कमी भी एक बड़ी समस्या थी। आज गुजरात के युवा खिलाड़ी भी आसमान छू रहे हैं गोल्ड और सिल्वर की चमक देश को चमका रही है। टोक्यो ओलम्पिक और पैरा ओलम्पिक में भारत के प्रदर्शन ने इस बदलाव को साबित किया है। श्री मोदी ने कहा कि भारत एक खेल शक्ति बन कर उभर रहा है। यह तो शुरुआत है, ना हिंदुस्तान रुकने वाला है ना थकने वाला है। वह दिन दूर नहीं जब हमारे खिलाड़ी कई खेलों में स्वर्ण पदक जीत कर तिरंगा लहराते दिखेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^