11-May-2024 07:34 PM
7738
बैरागढ़ (ओडिशा), 11 मई (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली ओडिशा सरकार आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य में अपनी सरकार के प्रबंधन को आउटसोर्स कर दिया है।
लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए राज्य के दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में पश्चिमी ओडिशा के बारागढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि राज्य को लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए मुख्यमंत्री द्वारा नहीं, बल्कि एक सुपर चीफ मनिस्टर द्वारा चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्री पटनायक की बीजू जनता दल सरकार 25 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद राज्य को गरीबी से बाहर निकालने और वांछित विकास करने में विफल रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त हो गई है, हत्या जैसे अपराध सरेआम हो रहे हैं, यहां तक कि एक मंत्री की भी दिनदहाड़े हत्या कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन ने युवाओं को बर्बाद कर दिया है। लोगों को न्यूनतम सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। राज्य का पूरा शासन आउटसोर्स कर दिया गया है।
राज्य के मौजूदा हालात के लिए बीजद को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में सत्तारूढ भ्रष्ट सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने का समय आ गया है।
श्री मोदी ने कहा कि प्रकृति ने राज्य को विकास के लिए आवश्यक हर चीज दी है, लेकिन बीजद नेताओं ने इसे हड़पने के अलावा कुछ नहीं किया है और लोगों से ओडिशा को और अधिक बर्बाद होने से बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ओडिशा भव्य संस्कृति और परंपरा वाला एक महान राज्य है, लेकिन बाहरी लोगों ने इस पर कब्ज़ा कर इसे बर्बाद कर दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के लोगों में बीजद नेताओं के खिलाफ गुस्सा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने लोगों से पूछा कि वे इस तरह के कुशासन को कहां तक बर्दाश्त करेंगे। उन्होंने राज्य के लोगों से ओडिशा को बीजद शासन के चंगुल से बचाने और लोकसभा तथा राज्य विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील की।
इस दौरान जब श्री मोदी ने भीड़ से पूछा कि क्या ओडिशा का प्रशासन किसी बाहरी व्यक्ति के पास जाना चाहिए, तो लोगों ने जोरदार तरीके से नहीं कहा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद ओडिशा देश का सबसे गरीब राज्य बन गया है, क्योंकि बीजद नेता पैसा बनाने में व्यस्त हैं।
बीजद सरकार पर राज्य के लोगों को धोखा देने का आरोप लगाते हुए श्री मोदी ने कहा कि राज्य के किसानों को प्रति क्विंटल धान पर सरकार द्वारा निर्धारित 2,100 रुपये के मुकाबले केवल 1,600 रुपये से 1,700 रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिल रहा है और बाकी पैसा बीजद नेताओं की जेब में जा रहा है।
श्री मोदी ने घोषणा की कि अगर भाजपा सत्ता में आई, तो धान का एमएसपी बढ़ाकर 3,100 रुपये कर दिया जाएगा और 48 घंटे के भीतर किसानों के खातों में पैसा भेज दिया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) निश्चित रूप से 400 से अधिक सीटें जीतेगी, जबकि कांग्रेस विपक्ष का दर्जा खो देगी।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने साहेबजादा की उम्र से भी कम सीटें मिलेंगी।
उन्होंने ओडिशा की बेटी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान करने के लिए कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला और आरोप लगाया कि राष्ट्रपति द्वारा अयोध्या में राम मंदिर का दौरा करने के एक दिन बाद कांग्रेस पार्टी ने संवाददाता सम्मेलन में मंदिर को गंगाजल से शुद्ध करने का आह्वान किया।
श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने न केवल राष्ट्रपति, बल्कि पूरे आदिवासी समाज का अपमान किया है और लोगों से चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों की जमानत जब्त सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इरादा संविधान को बदलने और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी, एसटी) और अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) के लोगों का आरक्षण छीनकर अपने वोट बैंक को देने का है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर होने नहीं देगी।...////...