मोदी ने पुतिन से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी को लेकर की चर्चा
02-Mar-2022 11:47 PM 4409
नयी दिल्ली 02 मार्च (AGENCY) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत की और उनसे यूक्रेन में लड़ाई से प्रभावित क्षेत्रों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी के बारे में चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने आज रात जारी बयान में श्री मोदी और श्री पुतिन के बीच वार्ता की जानकारी देते हुए कहा, "दोनों नेताओं ने यूक्रेन की स्थिति, विशेष रूप से वहां के शहर खारकीव की स्थित की समीक्षा की, जहां बहुत से भारतीय विद्यार्थी फंसे हुए हैं।" इससे पहले यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने परामर्श जारी कर भारतीय लोगों से खारकीव को तत्काल छोड़कर वहां से करीब 12 से 15 किलोमीटर की दूरी स्थिति तीन बस्तियों में पहुंचने की सलाह दी। दूतावास ने उन्हें स्थानीय समय अनुसार शाम छह बजे तक उन तीनों जगहों पर पहुंचने की सलाह देते हुए कहा था कि यदि उन्हें वाहन या ट्रेन की सुविधा न मिले, तो वे वहां पैदल ही पहुंच जाएं। इस बीच यूक्रेन से भारतीयों को वापस लाने के लिए ऑपरेशन गंगा में भारतीय एयरलाइंस के अलावा भारतीय वायु सेना के विमान भी लगाए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन संकट को लेकर पिछले छह दिन में दूसरी बार श्री पुतिन से बातचीत की है। उल्लेखनीय है कि कल सुबह खारकीव में गोलाबारी में चिकित्सा की पढ़ाई कर रहे एक युवक की मृत्यु हो गयी। इसके अलावा यूक्रेन में आज पंजाब के छात्र की भी दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गयी। वह कुछ समय से बीमार था। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन की स्थिति पर आज शाम करीब साढ़े आठ बजे उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। श्री मोदी प्रतिदिन इस तरह की बैठकें कर रहे हैं और स्थिति पर खुद निगाह रखे हुए हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^