मुझे प्रदेश अध्यक्ष बनाना भाजपा की संगठनात्मक ताकत काे दर्शाता है : भूपेन्द्र सिंह
29-Aug-2022 08:43 PM 5476
लखनऊ, 29 अगस्त (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करते हुए कहा कि उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाना भाजपा की संगठनात्मक ताकत को दर्शाता है। सिंह ने यहां स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में बतौर प्रदेश अध्यक्ष, कार्यभार संभालने के बाद अपने संबोधन में कहा, “यह भाजपा की संगठनात्मक ताकत ही है, जो मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को केन्द्रीय नेतृत्व ने देश के सबसे बड़े प्रदेश की संगठनात्मक बागडोर सौंपी है।” इसके लिये उन्होंने केंन्द्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा विचारधारा से जुड़े लोगो का राष्ट्रवादी समूह है। सिंह ने कहा, “मैं पार्टी का जिलाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष रहा और अब प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन करूंगा। प्रत्येक व्यक्ति को बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, सुरक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित कराना और अराजकता, गुण्डागर्दी व भ्रष्टाचार को समाप्त करना भाजपा का एजेंडा है। इसी ऐजेण्डे पर सरकार काम कर रही है।” इस मौके पर मुख्यमंत्री ययोगी आदित्यनाथ, भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, केन्द्रीय मंत्री डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, संजीव बालियान, केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी सहित योगी सरकार के तमाम मंत्री एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने पार्टी की प्रतिबद्धता के अनुरूप ही अनुच्छेद 370 को संविधान से हटाया और राम मंदिर का निर्माण कार्य भी प्रशस्त हुआ। सिंह ने कहा कि सरकार लोगों कोे सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक रूप से सबल करने का काम कर रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार से पहले अराजकता थी, रंगदारी वसूली जाती थी, सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार था, बिजली नहीं आती थी। भाजपा सरकार ने इन स्थितियों से प्रदेश की जनता को मुक्ति दिलायी। उन्होंने कहा कि इसका परिणाम है कि 35 वर्ष के इतिहास में पहली बार उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार भाजपा ने सरकार बनाई है। योगी आदित्यनाथ प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री है जो पांच वर्ष के कार्यकाल के बाद पुनः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने है। सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2024 के लोकसभा चुनाव को लक्ष्य बना कर संगठन के सुदृढ़ ढांचे को और अधिक मजबूती प्रदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि पिछले दो लोकसभा चुनाव के परिणाम को दोहराने के लिये प्रदेश भाजपा सबको साथ लेकर आगे बढ़ेगी। सिंह आज दोपहर शताब्दी एक्सप्रेस से नई दिल्ली से लखनऊ पहुंचे। रेलवे स्टेशन से लेकर हजरत गंज स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचने तक, पूरेे मार्ग में उमड़े पार्टी कार्यकर्ताओं के हुजूम ने सिंह का जोरदार स्वागत किया। इससे पहले चारबाग रेलवे स्टेशन पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, केन्द्रीय मंत्री डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, संजीव बालियान, केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी सहित योगी सरकार के तमाम मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की। स्टेशन के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों व गगन भेदी नारों के साथ सिंह का स्वागत किया। इस दाैरान पार्टी कार्यालय पहुंचने के मार्ग में सिंह ने केकेसी तिराहा स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका पर अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने महाराणा प्रताप की प्रतिमा, लोकभवन स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा और महारानी अवन्ती बाई की प्रतिमा, अटल चौक स्थित डा भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा, जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर उन्हें अपने श्रद्धांजलि अर्पित की। नई दिल्ली से लखनऊ तक पहुंचने के दौरान गाजियाबाद, अलीगढ़, टूण्डला, इटावा और कानपुर स्टेशनों पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। लखनऊ पहुंचने पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में सिंह द्वारा कार्यभार ग्रहण करते समय मुख्यमंत्री योगी, उपमुख्यमंत्री मौर्य एवं पाठक के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। योगी ने अपने संबोधन में कहा कि भूपेंद्र जी को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। इसके तहत उन्हें सरकार और संगठन के बीच समन्वय का दायित्व निभाना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा की मजबूत पकड़ का जिक्र करते हुए भरोसा जताया कि सिंह के नेतृत्व में पार्टी का प्रदेश में जनाधार एवं संगठनात्मक ढांचा और अधिक मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के मंत्री के रूप में बेहतर कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा, “भूपेंद्र जी की क्षमताओं को हम सब बखूबी जानते हैं और उनकी क्षमताओं पर हमें पूरा भरोसा है।” योगी ने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर प्रदेश को ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य करेंगे। इसके बलबूते पूरे प्रदेश को भाजपा मय बनाने में कामयाबी मिलना तय है। इस बीच योगी ने निवृत्तमान अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के कार्यकाल में हुए पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को प्रशंसनीय बताया। उन्होंने कहा, “स्वतंत्रदेव सिंह जी को हम स्वतंत्र नही होने देंगे। स्वतंत्र देव जी संगठन के लिए ही जाने जाते रहे हैं। प्रदेश में अन्य सरकारों में जब लाठी नही चटकती थी, तब स्वतंत्र जी लाठी जरूर चटका देते थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^