02-Jan-2023 04:39 PM
2427
भोपाल, 02 जनवरी (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ के भावी मुख्यमंत्री संबंधित पोस्टर पर आज कहा कि सपने कोई भी देख सकता है और इसमें कोई बुराई नहीं है।
श्री शर्मा ने अपने बयान में कहा कि सपने कोई भी देख सकता है और इसमें कोई बुराई भी नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री कौन बनेगा, सरकार किसकी बनेगी, ये तो प्रदेश की जनता तय करती है।
उन्होंने कहा कि 28 विधानसभा के उपचुनाव के समय जनता ने कांग्रेस, श्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को आईना दिखा दिया था। जब-जब चुनाव होते हैं, तब- तब जनता उन्हें आईना दिखा देती है, लेकिन अगर वे नववर्ष पर मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं तो, इसमें कुछ गलत नहीं है।
प्रदेश के कई स्थानों पर इन दिनों कांग्रेस नेताओं ने पोस्टर लगवाए हुुए हैं, जिनमेंं श्री कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री के तौर पर प्रदर्शित किया गया है। श्री शर्मा इन्हीं पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
वहीं कांग्रेस विधायक सुनील सराफ के रिवाल्वर से गोली चलाने के वीडियो पर श्री शर्मा ने कहा कि वो सर्विस रिवॉल्वर थी या अवैध, इसकी भी जांच होनी चाहिए। इनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विधायक के खिलाफ कुछ दिनों पूर्व ट्रेन के अंदर एक महिला के साथ अभद्रता करने की एफआईआऱ भी दर्ज हुई है। विधायक का लाइसेंस रद्द करके सरकार को कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।...////...