नड्डा ने बूथ विस्तारक योजना की प्रशंसा की
08-Mar-2022 11:05 PM 4872
इंदौर, 08 मार्च (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज मध्यप्रदेश में चलाये गये बूथ विस्तारक योजना की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। श्री नड्डा यहां प्रदेश पदाधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का संगठन एक निर्धारित कार्य पद्धति और संस्कारों के आधार पर काम करता है। स्वर्गीय कुशभाऊ ठाकरे जैसे मनीषी की प्रेरणा यहां की स्वभाविक ताकत है। हमारी चार पीढ़ियां इस संगठन को खड़ा करने में खप गयीं हैं। उन्होंने कहा कि बूथ विस्तारक योजना के तहत 21 हजार से अधिक पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं द्वारा समय दिया जाना मामूली बात नहीं है। मध्यप्रदेश में 90 प्रतिशत से अधिक बूथों का डिजिटलाइजेशन और 95 प्रतिशत से अधिक बूथों का फिजिकल वेरीफिकेशन किया जाना, हमारी उत्कृष्ठ संगठन क्षमता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं ने हाल ही में उत्तर प्रदेश सहित अन्य विधानसभा चुनावों के दौरान जो परिश्रम किया है, वह अद्वितीय है। आप सभी को 10 तारीख को अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने माइक्रो डोनेशन, कमलपुष्प अभियान आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने संगठन खड़ा किया वह हमारी पूंजी और प्रेरणा हैं। इसलिए कमलपुष्प अभियान के तहत हमें उनकी जानकारी व्यवस्थित रूप से एकत्रित करनी है। उन्होंने सक्षम मंडल, सक्रीय बूथ, पन्ना समिति और मन की बात जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता अपनी-अपनी क्षमताओं को संगठन के विकास और विस्तार में लगाएं, क्योंकि कार्यकर्ता ही अपने संगठन का आधार है। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने वृत्त निवेदन किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को संगठन पर्व के तहत बूथ विस्तारक योजना की सफलता की विस्तार से जानकारी दी। समर्पण निधि अभियान पर चर्चा की तथा संगठन पर्व के तहत प्रबोधन आदि के आगामी कार्यक्रमों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि सभी पदाधिकारियों के प्रवास की योजना भी मध्यप्रदेश में तय की गयी है। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद, गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा सहित मध्यप्रदेश से राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी तथा मोर्चा के अध्यक्ष उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^