नीतीश से जलपुरुष राजेन्द्र सिंह ने की मुलाकात; बिहार संवाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
25-Apr-2022 09:47 PM 8891
पटना 25 अप्रैल (AGENCY) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आज रैमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध पर्यावरणविद् जलपुरुष डाॅ. राजेन्द्र सिंह ने मुलाकात की। श्री कुमार ने मुलाकात के बाद जल बिरादरी, आदर्श लोक कल्याण संस्थान एवं इंडियन हिमालयन रिवर बेसिन काउंसिल के तत्वावधान में आयोजित बिहार संवाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर एक अणे मार्ग से रवाना किया। उन्होंने बिहार संवाद यात्रा की सफलता की कामना करते हुये जलपुरुष डाॅ. राजेन्द्र सिंह को अपनी शुभकामनायें दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुये जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत की गयी है। बिहार की इस पर्यावरणीय पहल से आज देश और दुनिया को प्रेरणा मिल रही है। जल-जीवन-हरियाली अभियान का मतलब है कि जल और हरियाली है तभी जीवन सुरक्षित है। बिहार संवाद यात्रा मुख्यमंत्री आवास एक, अणे मार्ग पटना से शुरू होकर सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सुपौल, सहरसा, खगड़िया, समस्तीपुर, दरभंगा होते हुये मधुबनी तक होगी। बिहार संवाद यात्रा प्रसिद्ध पर्यावरणविद् जलपुरुष डाॅ. राजेन्द्र सिंह के द्वारा की जा रही है तथा इस यात्रा का संयोजन पर्यावरण प्रेमी एवं जल प्रहरी मनोहर मानव द्वारा किया जा रहा है। यह यात्रा वसुधैव कुटुम्बकम के विचार को केन्द्र में रखते हुये पर्यावरणीय चेतना को जगाने के लिये राज्य और समाज के बीच संवाद करेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^