26-Dec-2022 10:54 PM
6327
पुरी 26 दिसंबर (संवाददाता) बीजू जनता दल (बीजद) सुप्रीमो एवं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को महिलाओं से राज्य के विकास की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया।
श्री पटनायक ने यहां पार्टी के रजत जयंती समारोह को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण और सामाजिक और आर्थिक विकास के हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी की वकालत करते हुए कहा कि इससे राज्य और देश मजबूत होगा। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से राज्य में आदिवासियों, किसानों और महिलाओं के विकास के लिए काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के आशीर्वाद से बीजद 100 साल तक राज्य की सेवा करेगी। उन्होंने जोर दिया कि ओडिशा और यहां की भाषा एवं संस्कृति और उद्योग के हित में काम करते हुए राज्य के समावेशी विकास के अलावा क्षेत्रीय असंतुलन को दूर करने के लिए बीजद राज्य में एक सामाजिक आंदोलन बन गया है।
उन्होंने दावा किया कि डिशा ने प्राकृतिक आपदाओं के नकारात्मक प्रभाव को सफलतापूर्वक कम किया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा प्राप्त करने वाले देश और विदेश के लिए एक मॉडल राज्य बन गया है। समाज के सभी वर्गों और धर्मों के साथ समान व्यवहार किया जाता है और कोई भी समूह या वर्ग बीजद के लिए प्रमुख नहीं है।
उन्होंने कहा कि बीजद अपने संस्थापक बीजू पटनायक के उस सपने को साकार करने के लिए काम कर रहा है जिसका विजन समय से काफी आगे था तथा यह राज्य के विकास के लिए उन्हीं के रोडमैप का अनुसरण कर रहा है।
इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सौम्यरंजन पटनायक ने कहा कि श्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद 1999 में सुपर चक्रवात के बाद सत्ता में आयी थी और स्थिति को प्रभावी ढंग से निपटाया।
समारोह में पंचायत स्तर से लेकर पार्टी के लगभग सभी पदाधिकारियों, विधायकों, सांसदों और सांगठनिक नेता शामिल रहे।...////...