पाठ्यक्रमों में पशु चिकित्सा एवं पशुपालन से संबंधित पाठ्यक्रमों को शामिल किया जाए: चौधरी
27-Mar-2022 11:27 PM 8398
अजमेर 27 मार्च (AGENCY) राजस्थान में अजमेर सरस डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने शिक्षा संस्थान से पाठ्यक्रमों में पशु चिकित्सा एवं पशुपालन से संबंधित पाठ्यक्रमों को शामिल किए जाने का आग्रह किया है। श्री चौधरी आज नई दिल्ली में सूरजमल स्मारक शिक्षण संस्थान की 137वीं साधारण सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संस्थान के अंतर्गत संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के साथ पशु चिकित्सा, पशुपालन व गौ संवर्धन जैसे पाठ्यक्रमों को भी शामिल किया जाना चाहिए। श्री चौधरी ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। देश की जनसंख्या का एक बड़ा भाग कृषि एवं पशुपालन के माध्यम से अपनी आजीविका चलाता है। अतिवृष्टि व अनावृष्टि के चलते किसानों को कई बार आपदा के दौरान अपने पशुधन को चिकित्सा के अभाव में खोना पड़ता है। संस्था पशु चिकित्सा से संबंधित पाठ्यक्रम संचालित कर श्रेष्ठ पशु चिकित्सक तैयार करें तो यह संस्था की ओर से देश हित में अमूल्य योगदान साबित होगा। इस मौके पर मौजूद सभा की अध्यक्षता कर रहे कप्तान सिंह चौधरी ने अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी के सुझावों का स्वागत करते हुए इनको आगामी सत्र से पाठ्यक्रम में शामिल करने की बात कही जिस पर सर्वसम्मति बनी। उल्लेखनीय है कि डेयरी सदर चौधरी सूरजमल स्मारक शिक्षा संस्था नई दिल्ली के आजीवन सदस्य हैं और यह सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थान में शुमार है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^