पर्यटन के क्षेत्र में मिल कर काम करें यूपी एमपी: ठाकुर
13-Jun-2023 11:12 PM 4017
लखनऊ 13 जून (संवाददाता) मध्य प्रदेश की पर्यटन मंत्री ऊषा ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि प्रचुर धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के केन्द्र बिंदु उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में समन्वय स्थापित करने की जरूरत है। लखनऊ में मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग के मार्केटिंग ऑफिस का उदघाटन करने के बाद सुश्री ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ मे मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग का ऑफिस खुलना एक सुखद अनुभव है। मध्य प्रदेश देश का हृदय है जबकि उत्तर प्रदेश राष्ट्र की आत्मा। दोनों ही प्रदेश सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, भौगोलिक, भाषा, वेशभूषा, खान-पान एवं रहन-सहन के दृष्टिकोण से सगे भाईयों जैसे हैं। दोनों ही प्रदेशों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। एक राष्ट्र श्रेष्ठ भारत के तहत पर्यटन को बढ़ावा देकर नागरिकों के मध्य प्रगाढ़ता को और अधिक बढ़ाया जा सकता है। नवाचार की दृष्टि से दोनों ही प्रदेश महत्वपूर्ण हैं। सुश्री ठाकुर ने कहा कि मध्य प्रदेश में महाकाल, ओंकारेश्वर, दतिया शक्तिपीठ के साथ-साथ टाइगर प्रदेश, घड़ियाल प्रदेश के रूप में प्रसिद्ध है एवं यहां पर बड़ी संख्या में प्राकृतिक स्थल भी मौजूद हैं। जहां पर लोग पर्यटन की दृष्टि से आ सकते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लोगों से मध्य प्रदेश आने और पर्यटन का लुफ्त उठाने आ आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ओरछा में एक तरफ जहां राजा राम के दर्शन वहीं चित्रकूट में वनवासी राम के दर्शन किये जा सकते हैं। चित्रकूट में भगवान राम ने माता सीता एवं छोटे भाई लक्ष्मण के साथ वास किया था। ऐसे स्थलों को दोनों प्रदेश एक सर्किट के रूप में विकसित करें तो लोगों के पर्यटन की दृष्टि से यह काफी महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। साथ ही लोग भारतीय संस्कृति एवं समृद्धता से रूबरू होंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के 243 स्कूलों का नाम भारतीय क्रान्तिकारियों के नाम पर कर दिया गया है। जिसका उद्देश्य है कि लोग इनके बलिदानाे को याद कर सकें और आत्मसात कर सकें। इस अवसर पर यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि लखनऊ की धरती पर कार्यालय खोलने से दोनों ही प्रदेशों में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही दोनों प्रदेशों में आत्मियता भी बढ़ेगी और सांस्कृतिक एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश की कल्चरल एवं स्प्रीचुएल समृद्धता पर्यटन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं। जल्द ही उत्तर प्रदेश सरकार भी मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अपना मार्केटिंग कार्यालय स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि यूपी में काशी है तो भोपाल में उज्जैन का महाकाल मंदिर। साथ ही बहुत सी प्राकृतिक स्थल दोनों ही प्रदेशों को समृद्ध करते हैं। श्री सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपने यहां पर्यटन की दृष्टि से इको टूरिज्म पर कार्य कर रही है एवं रामायण सर्किट, बौद्ध सर्किट के विकास पर भी काम चल रहा है। इसके अलावा पुराने किलों/गढ़ियों को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, आध्यात्मिक सभी क्षेत्रों में बढ़ोत्तरी की अपार सम्भावनाएं मौजूद हैं। दोनों प्रदेश मिलकर पर्यटन के क्षेत्र में काम करेंगे तो निश्चय ही इसका लाभ दोनों प्रदेशों को मिलेगा। मध्य प्रदेश के टूरिज्म विभाग उपाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि लखनऊ में मध्य प्रदेश टूरिज्म मार्केटिंग कार्यालय खुलने से दोनों प्रदेश के बीच की दूरियां और कम होंगी। मध्य प्रदेश में उत्तर प्रदेश के वासियों का स्वागत एवं सत्कार किया जायेगा। मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि दोनों ही प्रदेश विविध रूपों में आपस में ऐसे जुड़े हैं कि दोनों में भेद करना मुश्किल है। मार्केटिंग कार्यालय के माध्यम से एक-दूसरे की अच्छाइयां हम लोगों तक पहुंचायेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^