फडनवीस ने शिवसेना को लगायी फटकार, कांग्रेस ने किया सामना संपादकीय का स्वागत
04-Dec-2021 11:55 PM 6869
मुंबई, 04 दिसंबर (AGENCY) महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने शनिवार को शिवसेना के मुखपत्र सामना में छपी एक लेख को लेकर शिवसेना पर निशाना साधा जबकि कांग्रेस ने इस लेख का स्वागत किया है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी महाराष्ट्र दौरे पर गयी थी, जहां उन्होंने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) के अस्तित्व पर सवाल उठाते हुये कांग्रेस की आलोचना की थी। इस बयान के बाद अब शिवसेना ने कहा है कि कांग्रेस को राष्ट्रीय राजनीति से दूर रखने का मतलब फासीवादी शक्तियों को मजबूत करना होगा और इसपर अलग-अलग विचार पैदा होंगे। महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना के मुखपत्र ‘दैनिक सामना’ पर निशाना साधते हुये कहा कि सामना का केंद्र अब बदलकर नेहरू और गांधी परिवार तक सिमट कर रह गया है। इसबीच महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले ने शिवसेना के मुखपत्र का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। अगर हम देश को बचाना चाहते हैं तो सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लड़ना चाहिये। श्री फडनवीस ने पत्रकारों से बात करते हुये कहा कि शिवसेना ने हाल ही में मुंबई में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए रेड कार्पेट बिछाया था। पर सुश्री बनर्जी ने अपने मुंबई यात्रा के दौरान यूपीए के अस्तित्व पर सवाल उठाया जिसपर कांग्रेस पार्टी ने उनकी आलोचना की थी। श्री फडनवीस ने बिना नाम लिये संजय राउत पर हमला करते हुये कहा कि शिवसेना नेता ने अब कांग्रेस की सिफारिश करना शुरू कर दिया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^