पूनियां ने उपद्रव की घटनाओं की निष्पक्ष जांच को लेकर राज्यपाल से किया आग्रह
03-May-2022 08:49 PM 1879
जयपुर 03 मई (AGENCY) राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने राज्यपाल कलराज मिश्र को पत्र लिखकर राज्य में उपद्रव एवं हिंसा की घटनाओं की निष्पक्ष जांच एवं इनमें लिप्त अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को आवश्यक दिशा निर्देश जारी करने का आग्रह किया हैं। जोधपुर में उपद्रव की घटना के बाद डा पूनियां ने श्री मिश्र को लिखे पत्र में अनुरोध किया कि ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच के लिए राज्य सरकार को आवश्यक दिशा निर्देश जारी करावें ताकि प्रदेश में शांति स्थापित हो सके एवं सांप्रदायिक घटनाओं की प्रदेश में पुनरावृति ना हो, साथ ही उक्त घटनाओं में लिप्त अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। उन्होंने पत्र में आरोप लगाते हुए लिखा कि राज्य में कांग्रेस सरकार की तुष्टीकरण की राजनीति से सांप्रदायिक वैमनस्य फैल रहा है। जिसका परिणाम पहले करौली इसके बाद जोधपुर में सामने आया है। जोधपुर शहर में सोमवर रात को जालोरी गेट चौराहे पर स्वतंत्रता सेनानी बालमुकंद बिस्सा की प्रतिमा और उसके चारों ओर अराजक तत्वों ने इस्लामिक झण्डे लगा दिये और भगवान परशुराम की जयंती को लेकर लगाये गये केसरिया झण्डे हटा दिये। इस दैरान अराजक तत्वों ने पथराव किया एवं लाठी डंडों से हमला किया जिसमें आमजन सहित कई पुलिसकर्मी एवं पत्रकारों के भी चोंटे आई। जानकारी में यह भी सामने आया है कि आज सुबह भी अराजक तत्वों ने पथराव कर माहौल खराब करने का षड़यंत्र रचा गया। उन्होंने पत्र में लिखा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की तुष्टीकरण की राजनीति एवं बिगड़ी कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में बहुसंख्यकों में भय का माहौल व्याप्त है हुआ है। साथ ही प्रदेश की साख पूरे देश में धूमिल हुई है। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच हो एवं राज्य सरकार को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान करावे ताकि प्रदेश में शांति स्थापित हो सके।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^