राजगीर खेल परिसर निर्माण के बचे हुए कार्य तेजी से पूर्ण करें : नीतीश
17-Aug-2024 08:00 PM 6435
राजगीर 17 अगस्त (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को नालंदा जिले के राजगीर में बन रहे खेल परिसर के बचे हुए निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। श्री कुमार ने शनिवार को राजगीर खेल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंडोर और आउटडोर स्टेडियम के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्पोट्र्स एकेडमी सह निर्माणाधीन स्टेडियम का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बचे हुये निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस खेल अकादमी में विश्वस्तरीय सुविधायें उपलब्ध कराने के लिये गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्यों को पूर्ण करें। यह अकादमी देश के लिए अनोखी और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। यहां कई खेलों के ट्रेनिंग सेंटर के अलावा विश्वस्तरीय खेल पुस्तकालय भी होगा। इन प्रयासों से राज्य में खेल का वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी साथ ही प्रतिभावान युवकों को अवसर भी मिलेंगे। श्री कुमार ने कहा कि राजगीर ऐतिहासिक स्थल है। यहां सभी प्रकार की सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में यहां पर्यटक आते हैं। राजगीर अब पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बन गया है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, पूर्व विधायक चन्द्रसेन कुमार एवं ई0 सुनील, पूर्व विधान पार्षद राजू यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रन शंकरन, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक बरबरे, पटना प्रक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक गरिमा मल्लिक, नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, नालंदा के पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^