21-Jan-2022 08:45 PM
8639
पन्ना, 21 जनवरी (AGENCY) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे की जन्मशताब्दी वर्ष में शुरू होने वाली बूथ विस्तारक योजना राजनीतिक इतिहास में अभी तक का पार्टी का सबसे बड़ा अभियान है। इस अभियान के माध्यम से हमारे बूथ डिजिटल तो होंगे ही साथ ही संगठन का कार्यविस्तार भी होगा।
श्री शर्मा आज पन्ना जिले की गुनौर विधानसभा के सलेहा मंडल में ग्राम कुलगवा मडैयन में बूथ समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार ने जन कल्याणकारी योजनाएं बनाई है उनका लाभ बूथ तक पहुंचे और हमारा बूथ मजबूत हो इसके लिए हम सब कार्यकर्ताओं को काम करना है। उन्होंने कहा कि हम सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास के मंत्र पर काम करते है। हमारे बूथ समिति में महिलाएं एवं सभी वर्गों के लोक सम्मिलित हो इस बात का विशेष ध्यान रखें।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्वर्गीय श्री ठाकरे का स्मरण करते हुए कहा कि श्री ठाकरे ने विपरीत परिस्थितियों और अभावों के बीच पार्टी संगठन को खड़ा कर पार्टी के विचार को हर बूथ तक पहुँचाया। उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन के लिए होम कर दिया। इसलिए बूथ विस्तारक योजना संगठन के विस्तार और सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण योजना तो है ही यह योजना ठाकरे जी को हमारी ओर से आदरांजलि है।
उन्होंने कहा कि 20 जनवरी से शुरू हुआ यह अभियान 10 दिनों में प्रदेश के 65 हजार बूथों पर पहुंचेगा। प्रदेश के लगभग 65 हजार बूथ को सशक्त, सक्षम व डिजिटल बनेंगे।
श्री शर्मा के कटनी और पन्ना प्रवास के दौरान कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं बसपा नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। आज गुन्नौर में पूर्व मंडी अध्यक्ष एवं बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता राम भरोसे आदिवासी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष भाजपा की सदस्यता ली। श्री शर्मा ने अंगवस्त्र पहना कर श्री रामभरोसे का पार्टी में स्वागत किया। इसी प्रकार प्रदेश अध्यक्ष के राजनगर विधानसभा प्रवास के दौरान ग्राम उदयपुर में आयोजित कार्यक्रम में अल्पसंख्यक वर्ग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। उदयपुरा के सरपंच भगवत पटेल, किसान कांग्रेस के महामंत्री शैलेंद्र पांडे, मुन्ना खान, विपिन शुक्ला ने प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष भाजपा की सदस्यता ली। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नेताओं का अंगवस्त्र पहनाकर भाजपा में उनका अभिनंदन किया।...////...