राजनीति में कुंदन बनकरे चमके विवेक ठाकुर
10-Jun-2024 12:50 PM 8795
पटना, 10 जून (संवाददाता) अपने पिता पूर्व केन्द्रीय मंत्री पद्मभूषण डॉ. सी.पी. ठाकुर से सियासत का दांवपेंच सीखने वाले विवेक ठाकुर ने अपने राजनीतिक जीवन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में स्वयं को कुंदन की तरह तपाया और राज्यसभा सांसद के बाद देश की सबसे बड़ी पंचायत लोकसभा पहुंचने का गौरव हासिल किया। विवेक ठाकुर का जन्म 27 नवंबर 1969 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। उनके पिता श्री सी. पी. ठाकुर और मां उमा ठाकुर हैं। विवेक ठाकुर ने राजधानी पटना के संत माइकल स्कूल से स्कूली शिक्षा ग्रहण की है। उन्होंने वर्ष 1985 में संत माइकल स्कूल से मैट्रिक और वर्ष 1987 में इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद विवेक ठाकुर उच्च शिक्षा के लिये दिल्ली चले गये।उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित किरोड़ीमल कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई की। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह वापस बिहार आ गए और वर्ष 1990 में मगध विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की है। इसके अलावा, उन्होंने वर्ष 1998 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फारेन ट्रेड से एक्स मास्टर इन इन्टरनेशनल ट्रेड भी किया है। श्री विवेक ठाकुर की पत्नी मीनाक्षी ठाकुर है, जो गवर्नमेंट जॉब करती हैं। उनकी दो बेटियां वैष्णवी ठाकुर और आहाना ठाकुर है। महज चौबीस साल की उम्र में विवेक ठाकुर भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बन गए। उन्होंने पटना महानगर से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। दिग्गज नेता रहे डॉ. सीपी ठाकुर ने विवेक ठाकुर को राजनीतिक ‘ककहरा’ तो सिखाया ही और साथ में सिखाया सार्वजनिक जीवन में शुचिता रखते हुए सादगी और सभी के साथ स्नेहपूर्ण व्यवहार कैसे किया जाता है। विवेक ठाकुर भारतीय जनता दल युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे और बाद में राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य भी रह चुके हैं। उन्होंने अपने पिता डॉ. सीपी ठाकुर से राजनीतिक पृष्ठभूमि पाई जरूर, लेकिन जनसेवा के मैदान में अपनी विरासत, अपनी पहचान खुद बनाई है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रहते हुए विवेक ठाकुर गुजरात, बंगाल और हिमाचल प्रदेश के प्रभारी भी रहे। वर्ष 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में विवेक ठाकुर ने बक्सर के ब्रह्मपुर सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाये। वर्ष 2020 में विवेक ठाकुर राज्यसभा सांसद बनाये गये।उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव में विवेक ठाकुर ने सह प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।राज्यसभा सासंद विवेक ठाकुर संसद में अपनी बातों को तथ्यपरक, गंभीरता और पुरज़ोर तरीक़े से रखने की कला में पारंगत हैं। बिहार विधान परिषद के सदस्य रह चुके विवेक वर्तमान में राज्यसभा सांसद के रूप में शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष की जिम्मेवारी भी निभा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कई प्रदेशों में विधान सभा और लोकसभा चुनाव के दौरान कई तरह की संगठनात्मक जिम्मदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर अपनी काबिलियत साबित की है। वे भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे। उन्होंने इस पद पर रहते हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में भी संगठन की ओर से दी गई जिम्मेदारी निभाते हुए कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में अपना लोहा मनवाया था। विवेक ठाकुर अब तक के अपने राजनीतिक जीवन में भाजपा में विभिन्‍न पदों पर रह चुके हैं। विवेक ठाकुर की पहचान प्रबुद्ध नेता, बेदाग छवि वाले प्रखर वक्ता के तौर पर होती है। विवेक विशिष्ट बौद्धिक चौतुर्य रखते हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में नवादा सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के टिकट पर चंदन सिंह निर्वाचित हुये थे।इस बार के चुनाव में राजग में सीटो में तालमेल के तहत लोजपा के कोटे से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हिस्से में आई नवादा सीट पर राज्यसभा सासंद विवेक ठाकुर उम्मीदवार बनाये गये।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी विवेक ठाकुर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रत्याशी श्रवण कुमार को 67 हजार 670 मतों के अंतर से शिकस्त दी और पहली बार लोकसभा सांसद बनें । विवेक ठाकुर ने कहा है कि जब मैंने नामांकन किया उस समय ही संकल्प लिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत की कल्पना की है। उनकी परिकल्पनाओं से जोड़ते हुए मेरी कल्पना विकसित नवादा की थी। इसे हर कीमत पर साकार करूंगा । नवादा के मतदाताओं ने उन्हें कृपा पूर्वक वोट देकर सांसद बनाया है ।इसके लिए मैं जीवन भर आभारी रहूंगा। नवादा में विकास के साथही रोजगार के अवसर दिलाए जाएंगे, जिससे हमारे युवा खुशहाली का जिंदगी जी सकें ।उन्होंने कहा कि किसानों के लिए भी कई योजनाएं लाई जाएगी, जिससे कृषि प्रधान इलाके में बेहतर खेती हो सके और किसानों में समृद्धि फैले।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^