राजनीति योगी विपक्ष दो अंतिम मुरादाबाद
02-Sep-2024 08:24 PM 7810
योगी ने कहा कि 2017 के पहले जब उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी निकलती थी तो चाचा-भतीजा की जोड़ी वसूली पर निकलती थी। चाचा-भतीजा की जोड़ी ऐसा खुराफात करती थी कि न्यायालय को नौकरी पर रोक लगानी पड़ती थी। सरकारी नौकरी चाचा भतीजा की वसूली की भेंट चढ़ जाती थी। युवा बेरोजगार हो जाते थे और उन्हें नौकरी के लिए देश के अन्य राज्यों में पलायन करने को मजबूर होना पड़ता था। उन्होने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। डबल इंजन सरकार की भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस को नीति का परिणाम है कि देश में उत्तर प्रदेश का सम्मान बढ़ा है। योगी ने युवाओं को 2017 के पहले के उत्तर प्रदेश की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में पर्व और त्यौहार के पहले दंगे होते थे। न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी का सम्मान था। उन्होंने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में विगत साढ़े सात वर्ष में कोई दंगा नहीं हुआ है। पर्व और त्यौहार शांति से मनाया जाता है। बेटी सुरक्षित है तो व्यापारी को सम्मान मिल रहा है। यही नहीं व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपए का जीवन बीमा का कवर भी दे रहे हैं। प्रदेश के युवाओं को नौकरी और रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास अगर विजन हो तो प्रदेश युवाओं के सपने को पंख दिया जा सकता है। सरकार अगर ठान ले तो असंभव को भी संभव किया जा सकता है, जो हमने करके दिखाया है। योगी ने बताया कि इस कार्यक्रम में लोकार्पित और शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में 156 परियोजनाएं कुंदरकी विधानसभा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद आज एयर कनेक्टिविटी से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतार रहा है। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद के हस्तशिल्पियों और कारीगरों ने अपनी कारीगरी का लोहा पूरी दुनिया को मनवाया है। आज यहां से लगभग 15-20 हजार करोड़ रुपए का सामान देश-दुनिया का निर्यात किया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि विकास की प्रक्रिया अनवरत चलेगी। कार्यक्रम में पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह के नाम पर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के प्रवेश द्वार का नामकरण किया गया। साथ ही उनके नाम पर एक पार्क का शिलान्यास हुआ, जिसमें उनकी प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। कार्यक्रम में योगी के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, माध्यमिक शिक्षा की मंत्री गुलाब देवी, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता कपिल देव अग्रवाल, संसदीय कार्य तथा औद्योगिक विकास मंत्री राज्य जसवंत सैनी, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^