राजस्थान को गर्त में धकेल कर उत्सव मनाना किस दृष्टि से सही है-बेनीवाल
18-Dec-2021 11:26 PM 5917
जयपुर 18 दिसम्बर (AGENCY) राजस्थान में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर उसकी गलत नीतियों से आमजन के बेहाल होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह आज तीन वर्ष के कार्यकाल को उत्सव के रूप में मना रही है,लेकिन प्रदेश को गर्त में धकेल कर उत्सव मनाना किस दृष्टि से सही है। श्री बेनीवाल ने राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर अपनी प्रतिक्रिया में आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि क्या इस बात का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास जवाब है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता का दावा करने वाली प्रदेश की गहलोत सरकार घूस दर्शिता पर चल रही है ,आमजन गहलोत सरकार की गलत नीतियों से बेहाल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़को के हालात खस्ता है, किसानों की सम्पूर्ण कर्ज माफी एवं बेरोजगारी भत्ते देने के दावे के साथ बनी गहलोत सरकार इन वादों के साथ चुनाव से पूर्व प्रदेश के विकास के लिए किए वादों से मुकर गई। उन्होंने कहा कि जनता के कार्य करने के बजाय श्री गहलोत कुर्सी बचाने में ही व्यस्त रहे, जनता को अपने मुख्यमंत्री से उम्मीदें होती है मगर कोरोना काल से पूर्व वह जहां दिल्ली के दौरे करने में व्यस्त रहे वहीं कोरोना काल में लंबे समय तक घर में ही बंद रहे और जनता को संकट में छोड़ दिया। श्री बेनीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में सत्ता पर ब्यूरोक्रेसी हावी है और ब्यूरोक्रेटस मनमाफिक रूप से निर्णय लेने के लिए बेलगाम हो रखे है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार के कार्यकाल में भर्तियों के पेपर आउट हो रहे है, आरपीएससी जैसी संस्था भी भ्र्ष्टाचार से अछूती नही रही, हर कदम पर गहलोत सरकार ने बेरोजगारों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि देश में राजस्थान महिला अपराध में प्रथम व बाल अपराध में पांचवे स्थान पर है और जघन्य अपराधों की श्रेणी में राजस्थान की ऐसी स्थिति होने से आमजन में खौफ है। उन्होंने कहा कि राज्य में पुलिस का इकबाल नही रहा। मुख्यमंत्री राजस्थान तो दूर स्वयं के गृह जिले जोधपुर की कानून व्यवस्था संभालने में भी नाकाम नजर आ रहे है और पुत्र मोह में धृतराष्ट्र बने हुए है। उन्होंने कहा कि श्री गहलोत सरकार के तीन साल पूर्ण होने पर जश्न मना रहे है वहीं उनके शहर जोधपुर में दिनदहाड़े पेशी करवाकर आ रहे दो लोगो पर पुलिस हिरासत में फायरिंग की गई जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाने के समाचार आ रहे है ,क्या यही पुलिस का खौफ है। मुख्यमंत्री के शहर जोधपुर में पुलिस कस्टडी में दिनदहाड़े कोई गोली मारकर चला जाये,यह बात पुलिस के खत्म होते इकबाल को दर्शा रही है। अपराधियों में पुलिस का खौफ तक नही रहा जो श्री गहलोत के कुशासन का परिणाम है ।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^