राजस्थान में कांग्रेस ने की वादाखिलाफी-रणवां
16-May-2022 09:19 PM 2848
जयपुर 16 मई (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां ने कांग्रेस पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने प्रदेश में सरकार बनते ही किसानों की संपूर्ण कर्जामाफी कर देने का वादा किया था लेकिन किसान आज भी पूर्ण कर्जमाफी का इंतजार कर रहा है। श्री रणवां भाजपा प्रदेश कार्यालय में मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक को सम्बोधित करते हुए आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के समय जनता से वादा किया था कि प्रदेश में उनकी सरकार बनते ही किसानों की सम्पूर्ण कर्जामाफी की जायेगी, जो अभी तक नहीं की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रदेश में सरचार्ज, फ्यूल चार्ज नहीं बढ़ाने का वादा भी किया था लेकिन कांग्रेस की सरकार बनते ही बिलों में वृद्धि करके किसानों की कमर तोड़ दी। साथ ही बिजली कटौती करके किसानों के साथ में धोखा किया। उन्होंने कहा कि ऐसी निकम्मी सरकार को आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश का किसान सबक सिखाएगा। मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री एवं किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेश प्रभारी रामनरेश तिवाड़ी ने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा को प्रत्येक बूथ स्तर पर केन्द्र सरकार की किसान जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की जरुरत है, जिससे की हर एक किसान को इन योजनाओं के माध्यम से लाभ मिल सके। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मोर्चा प्रदेश प्रभारी नारायण सिंह देवल ने कहा कि केन्द्र सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय कृषि बजट 25 हजार करोड़ रुपए का था, जिसे केन्द्र की मोदी सरकार ने एक लाख करोड़ का बढ़ा दिया, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया गया। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने मोर्चें के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने ग्राम स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ किसान विरोधी इस कांग्रेस सरकार में किसानों के साथ हो रहे अन्याय एवं अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठायें।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^