रामनिवास रावत का विधायक पद से त्यागपत्र, विजयपुर सीट रिक्त घोषित
08-Jul-2024 08:13 PM 1944
भोपाल, 08 जुलाई (संवाददाता) मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर से विधायक रामनिवास रावत ने आज कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया, जिसे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने स्वीकार कर लिया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विधानसभा सचिवालय ने श्री रावत का त्यागपत्र स्वीकार करने के साथ ही आवश्यक औपचारिकताओं के साथ इस सीट को रिक्त घोषित कर दिया। श्री रावत विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर नवंबर दिसंबर 2023 के विधानसभा चुनाव में विधायक निर्वाचित हुए थे। श्री रावत ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से त्यागपत्र देकर भाजपा का दामन थाम लिया था, लेकिन उन्होंने विधायक पद से त्यागपत्र नहीं दिया था। आज भाजपा सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद श्री रावत ने त्यागपत्र दिया। इसके पहले सुबह यहां राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में श्री रावत ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। हालाकि इस दौरान एक रोचक वाकया भी हुआ। श्री रावत ने शपथ लेते समय “राज्य के मंत्री” के स्थान पर “राज्य मंत्री” का उच्चारण किया। इस मामले को लेकर तत्काल ही सोशल मीडिया मेें सवाल उठने लगे। इस वजह से कुछ ही मिनट बाद उन्हें दोबारा कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलायी गयी। दो बार शपथ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। सूत्रों का कहना है कि किसी भी प्रकार के भ्रम से बचने के लिए ऐसा किया गया है। दरअसल सरकार में मंत्री पद संवैधानिक दायित्वों वाला है और इस मामले को लेकर प्रशासन किसी तरह के प्रक्रियात्मक भ्रम को दूर करना चाहता था, इसलिए श्री रावत को कुछ ही मिनटों में दोबारा मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^