07-May-2022 10:36 PM
3862
जयपुर 07 मई वार्ता राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने देश के सभी समाजों से ..एक सबके लिए, सब एक के लिए.. के सिद्धांत पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने का आह्वान किया है।
श्री मिश्र आज यहां बिड़ला सभागार में श्री चित्रगुप्त जयंती के उपलक्ष में कायस्थ जनरल सभा द्वारा आयोजित ..राष्ट्र निर्माण में समाज का योगदान.. विषयक अधिवेशन में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानवता के मूल्यों में विश्वास रखते हुए राष्ट्र के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य करने में ही किसी भी समाज की सार्थकता है।
उन्होंने कहा कि हमारे संवैधानिक मूल्यों में जाति, धर्म, वर्ग से परे समानता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गयी है, इसलिए सभी के हितों का ध्यान रखते हुए राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करना ही हमारी प्राथमिकता होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां का दूध संतान के लिए आवश्यक होता है, उसी प्रकार संस्कृति और संस्कार समाज को सुदृढ़ बनाने के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि वही समाज निरंतर विकास की ओर अग्रसर होता है, जो उदात्त जीवन मूल्यों और मानव मात्र के कल्याण के लिए कार्य करने की सोच से जुड़ा होता है।
श्री मिश्र ने कार्यक्रम में कायस्थ समाज ही नहीं बल्कि सभी समाज के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के मेल-जोल से ही समाज सशक्त बनता है। उन्होंने अपने सम्बोधन में स्वामी विवेकानन्द, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, प्रथम राष्ट्रपति बाबू राजेन्द्र प्रसाद, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री, जयप्रकाश नारायण, महर्षि महेश योगी जैसी महान विभूतियों के योगदान पर चर्चा करते हुए क्हा कि इन महापुरुषों पर पूरे देश को गर्व है।...////...