राष्ट्रपति के अपमान पर सोनिया सहित कांग्रेस मांगे देश से माफी: शिवराज
28-Jul-2022 08:51 PM 5891
भोपाल, 28 जुलाई (AGENCY) कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू पर दिए कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि क्या श्रीमती सोनिया गांधी श्री चौधरी के विचारों से सहमत हैं और इस बयान को लेकर श्रीमती गांधी समेत पूरी कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। श्री चौहान ने अपने ट्वीट में कहा कि कांग्रेस नेता श्री चौधरी ने अपने बयान से देश के सर्वोच्च पद का अपमान किया है। यह उनकी और उनकी पार्टी की निकृष्टतम मानसिकता का प्रकटीकरण है। उनका यह बयान आदिवासी विरोधी है, महिला विरोधी है। राष्ट्रपति किसी भी पार्टी का नहीं, अपितु सम्पूर्ण देश का होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सदैव यह नीति रही है कि जनजातीय वर्ग का उत्थान न हो। कांग्रेस ने अपने कुसंस्कारों और दिशाहीन राजनीति से जनजातीय समाज का शोषण ही किया है। श्रीमती सोनिया गांधी और कांग्रेस के तमाम नेता यह बर्दाश्त ही नहीं कर पा रहे हैं कि देश की राष्ट्रपति अब आदिवासी वर्ग से है और उनके विरोध के लिए स्तरहीन शब्दों और बयानों का उपयोग कर रहे हैं। इसी क्रम में श्री चौहान ने कहा कि क्या श्रीमती सोनिया गांधी अपने नेता के ऐसे विचारों से सहमत हैं? देश यह जानना चाहता है। राष्ट्रपति के लिए भारतीय इतिहास में ऐसा निंदात्मक कृत्य किसी ने नहीं किया है। इसके लिए श्रीमती गांधी सहित कांग्रेस को सदन में देश से माफी मांगनी चाहिये।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^