रावण वध समारोह में शामिल हुए राजेंद्र आर्लेकर और नीतीश
24-Oct-2023 09:34 PM 8920
पटना 24 अक्टूबर (संवाददाता) बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज विजयदशमी के मौके पर रावणवध समारोह में शामिल हुए। श्री आर्लेकर एवं श्री कुमार ने मंगलवार को यहां ऐतिहासिक गांधी मैदान में बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी के अवसर पर श्री रामलीला महोत्सव एवं रावणवध समारोह-2023 का उद्घाटन किया। श्री श्री दशहरा कमेटी ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस रावण दहन कार्यक्रम में सबसे पहले आयोजकों द्वारा मुख्यमंत्री श्री कुमार का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। मुख्यमंत्री ने गुब्बारा उड़ाकर राज्य में शांति एवं सौहार्द्र कायम रखने का संदेश दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्रीराम एवं श्री लक्ष्मण के स्वरूप को तिलक लगाकर उनकी आरती की। फिर, बारी-बारी से बुराई के प्रतीक कुंभकरण, मेघनाद एवं रावण का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तेजप्रताप यादव, बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सह सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधान पार्षद रीना यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डाॅ. एस. सिद्धार्थ, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की प्रधान सचिव एन. विजयालक्ष्मी, सचिव भवन निर्माण एवं आयुक्त पटना प्रमंडल कुमार रवि, जिलाधिकारी पटना चन्द्रशेखर सिंह, पुलिस महानिरीक्षक पटना सेंट्रल राकेश राठी, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा, श्री श्री दशहरा कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल नोपानी, सचिव अरुण कुमार, उपाध्यक्ष सुषमा साहु, संयोजक मुकेश नंदन सहित श्री श्री दशहरा कमेटी ट्रस्ट के सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। इस तरह राज्य के अलग-अलग जिले में रावणवध समारोह का आयोजन किया गया। प्रशासन और पुलिस चाक-चौबंद व्यवस्था से सभी स्थानों पर रावणवध कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। (संपादक, कृपया पूर्व प्रेषित से जोड़ लें।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^