13-Jul-2025 09:30 PM
5731
हुबली,13 जुलाई (संवाददाता) केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रोजगार और भर्ती के मुद्दों को लेकर रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा और उन पर तथ्यों की पुष्टि किए बिना बयान देने का आरोप लगाया।
श्री जोशी ने यहां संवाददाताओं से कहा,“राहुल गांधी कभी भी विस्तार में नहीं जाते। वह केवल अपने सलाहकारों से मिली जानकारी के आधार पर प्रतिक्रिया देते हैं और व्यक्तिगत रूप से आंकड़ों की जांच नहीं करते।” उन्होंने श्री गांधी से कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश जैसे कांग्रेस शासित राज्यों की वित्तीय और प्रशासनिक स्थिति पर आत्मनिरीक्षण करने का आग्रह किया और कहा कि कांग्रेस शासित ये तीनों राज्य बहुत खराब स्थिति में हैं।
कर्नाटक की कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार की तीखी आलोचना करते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि वित्तीय तंगी के कारण राज्य दो लाख रिक्त पदों को भी भरने में विफल रहा है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा,“वे मौजूदा सरकारी कर्मचारियों को वेतन देने की स्थिति में भी नहीं हैं। वेतन में 10 से 20 दिन की देरी हो रही है। जब वे अपने पास मौजूद संसाधनों का प्रबंधन ही नहीं कर पा रहे हैं, तो नए कर्मचारियों की नियुक्ति कैसे करेंगे।”
कोविड-19 के बाद के रोजगार के रुझानों के संदर्भ में उन्होंने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि रोज़गार दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने जोर दिया कि ईपीएफओ के आंकड़े ही रोजगार में वृद्धि का संकेत देते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने विभिन्न विभागों में 7.5 लाख से अधिक कर्मियों की भर्ती की है। उन्होंने कहा, “हर महीने सरकारी विभागों में 50 हजार से एक लाख लोगों की भर्ती की जा रही है। इससे रोजगार प्रदान करने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि होती है।...////...