सरकार वंचित तबकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध-गहलोत
14-Aug-2022 11:51 PM 1659
जयपुर, 14 अगस्त (AGENCY) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रविवार को जयपुर में लकड़ी के हस्तनिर्मित उत्पाद बेचकर आजीविका चलाने वाले घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु जातियों के परिवारों से मिले। श्री गहलोत ने वर्षों से जयपुर में रह रहे इन परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वंचित तबके के विकास, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु परिवारों की समस्याओं को हल करने के लिए सरकार कृतसंकल्पित है तथा इसके लिए सभी उचित कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मौके पर ही उच्चाधिकारियों को इन परिवारों को राहत देने के लिए आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। इस दौरान श्री गहलोत ने वहां मौजूद बच्चों से मिलकर बातचीत की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^