शिवराज की घोषणाएं ऐतिहासिक और संवेदनशीलः शर्मा
14-Mar-2022 09:14 PM 5350
भोपाल, 14 मार्च (AGENCY) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विधानसभा में विभिन्न वर्गों को राहत देने वाली जो घोषणाएं की हैं, उनके लिए वे प्रदेश की जनता को बधाई देते हैं और श्री चौहान के प्रति आभार जताते हैं। श्री शर्मा ने यह बात यहां मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने श्री चौहान द्वारा की गई घोषणाओं को ऐतिहासिक कदम बताते हुए उनका स्वागत किया है। श्री शर्मा ने कहा कि कोविड काल के कठिन समय में बिजली के जो बिल आए, उन्हें चुकाने में आम उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी। मुख्यमंत्री ने लोगों की परेशानी को समझते हुए 88 लाख घरेलू उपभोक्ताओं का 6400 करोड़ रुपये का बिल माफ करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2 लाख रुपये तक का किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन कोई कर्ज माफ नहीं किया। इसके चलते किसान डिफाल्टर हो गए थे और उनके ऊपर ब्याज का बोझ बढ़ता जा रहा था। उन्होंने कहा कि हमारी किसान हितैषी सरकार ने डिफाल्टर किसानों का अतिरिक्त ब्याज माफ करने का निर्णय लिया है, जिससे कर्जदार किसानों को राहत मिलेगी। वे प्रदेश के किसानों को इस घोषणा के लिए शुभकामनाएं देते हैं। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लोगों का जीवन स्तर उठाने के लिए संकल्पित है और मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं ने इसे एक बार फिर साबित किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जहां एक ओर आर्थिक तंगी का असर अनुसूचित जनजाति वर्ग की योजनाओं पर न पड़ने देने की बात कही है, वहीं संबल योजना को रि-डिजाइन करके पात्र लोगों के नाम जोड़ने की भी घोषणा की है। श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आवास योजना सूची में बचे हुए हितग्राहियों को इस वर्ष के अंत तक आवास देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विधायक निधि की राशि को 2 से बढ़ाकर 3 करोड़ रुपये किए जाने की घोषणा भी की है, जिससे विधायकों को अपने क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य कराने में आसानी होगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^