उत्तर प्रदेश में चुनाव के लिए राकांपा और सपा का गठबंधन
15-Jan-2022 07:08 PM 2932
मुंबई, 15 जनवरी (AGENCY) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन किया है और अभी सीटों के बंटवारे की बातचीत चल रही है लेकिन एक सीट तय हो चुकी है जिस पर राकांपा अपना उम्मीदवार उतारेगा। राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि उनकी पार्टी ने सपा के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में साथ मिल कर चुनाव लड़ने का फैसला किया था। अभी सीट बंटवारे पर चर्चा चल रही है, अभी सिर्फ एक सीट पर फैसला हुआ है। अन्य सीटों के संबंध में बात चल रही है। उन्होंने हालांकि यह बताने से मना कर दिया कि राकांपा कुल कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उत्तर प्रदेश के चुनाव की वर्तमान परिस्थियों के संबंध में उन्होंने कहा कि यह 1993 की तरह है जिसमें भाजपा चुनाव हार गयी थी। वर्ष 1993 में श्री मुलायम सिंह यादव ने बहुजन समाज पार्टी के मुखिया कांशीराम के साथ गठबंधन किया था और भाजपा चुनाव हार गयी थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को खारिज कर दिया है। सभी समुदाय के लोग भाजपा से दूर जा रहे हैं। जनता राज्य में बदलाव लाना चाहती है। मणिपुर में कांग्रेस के साथ राकांपा का गठबंधन है जबकि गोवा के लिए अन्य पार्टियों के साथ बात चल रही है, क्योंकि कांग्रेस गोवा में अकेले चुनाव लड़ना चाहती है। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने पिछले सप्ताह कहा था कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में राकांपा तीन राज्यों के चुनाव में भाग लेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^