सिर्फ जीतना पर्याप्त नहीं, हम ऐतिहासिक मतों से लोकसभा उपचुनाव जीतेंगेः  विष्णुदत्त शर्मा
19-Aug-2021 09:15 PM 5665
खंडवा। हमारे प्रधानमंत्री जी समाज के हर वर्ग को साथ लेकर उनके विकास और उत्थान का अभियान चला रहे हैं। वहीं, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाएं शुरू की गई हैं। इन मुद्दों को लेकर हम जनता के बीच जाते रहे हैं और जनता ने हमारा समर्थन किया है। इसी आधार पर खंडवा लोकसभा उपचुनाव जीतने का संकल्प हमारे कार्यकर्ताओं ने लिया है। उन्होंने तय किया है कि हम सिर्फ जीतेंगे नहीं, बल्कि हर बूथ पर ऐतिहासिक मतों से विजयी होंगे। पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मिलकर चुनाव की तैयारियों और संगठन के विस्तार तथा सुदृढ़ीकरण में पूरी ताकत से लगे हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को खंडवा में मीडिया से चर्चा के दौरान कही। - संगठन विस्तार के लिए है प्रवास श्री शर्मा ने कहा कि उनका यह प्रवास केवल चुनावी प्रवास नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य संगठन के काम का विस्तार और सुद्ढ़ीकरण भी है। उन्होंने कहा कि आज जिले के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई है। नगर एवं ग्राम केंद्रों के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक है। श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी चुनावों के लिए हमेशा तैयार रहती है। फिर भी रणनीतिक तौर पर संवैधानिक ढांचे के साथ पार्टी को कार्य करने की जरूरत है। प्रवास के दौरान इस प्रकार के सभी मुद्दों पर प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चर्चा की जाएगी। - कोरोना की संभावित तीसरी लहर के लिए संगठन तैयार श्री शर्मा ने कहा कि कोविड महामारी के संकट में भारतीय जनता पार्टी किस प्रकार काम किया है, यह सभी जानते हैं। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्राइसिस मैनेजमेंट से लेकर संकट से उबरने के लिए हर तरह के प्रभावी प्रयास किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीबों को अन्न वितरण का कार्य पूरे देश में हुआ है। पूरे देश में 80 करोड़ लोगों को अनाज दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार प्रदेश में लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है। श्री शर्मा ने कहा कि हमें गर्व है कि अब पार्टी द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा जी के आह्वान पर प्रत्येक बूथ पर चार प्रशिक्षित स्वास्थ्य स्वयंसेवकों को खड़ा किया जा रहा है, जिनमें एक महिला कार्यकर्ता भी शामिल होगी। यदि किसी कारण से कोरोना की तीसरी लहर आती है तो भाजपा का संगठन बड़े पैमाने पर अपनी भूमिका का निर्वहन करने को तैयार है। Politics Vishnudutt Sharma..///..winning-is-not-enough-we-will-win-lok-sabha-bypolls-with-historic-votes-vishnudutt-sharma-312309
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^