यूक्रेन में फंसे छात्रों को बचाने में सहयोग की बजाय मिशन में बाधा डाल रहे थे राहुल: सुशील
11-Mar-2022 09:26 PM 2861
पटना 11 मार्च (AGENCY) बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि जिस समय भारत यूक्रेन में फंसे 20 हजार छात्रों का जीवन बचाने में लगा था, कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक अतिसंवेदनशील कूटनीतिक मिशन में बाधा डाल रहे थे। श्री मोदी ने शुक्रवार को यूक्रेन के सुमी से सुरक्षित निकाल कर लाये गए अंतिम दल में शामिल बिहार के सात छात्र-छात्राओं का पटना हवाईअड्डे पर स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी। भाजपा सांसद ने कहा कि यूक्रेन के सीमावर्ती युद्ध क्षेत्र सुमी से 694 भारतीय छात्रों के अंतिम दस्ते को सुरक्षित लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से तीन बार, राष्ट्रपति जेलेंस्की से दो बार और 11 बार दुनिया के अन्य राष्ट्राध्यक्षों से बात की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े मिशन की सफलता पर भी कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं का द्वेषवश प्रधानमंत्री श्री मोदी को धन्यवाद नहीं देना दुर्भाग्यपूर्ण है। श्री मोदी ने कहा, "जिस समय भारत यूक्रेन में फंसे 20 हजार छात्रों का जीवन बचाने में लगा था, राहुल गांधी रूस को नाराज और इमरान खान को खुश करने वाले बयान देकर एक अतिसंवेदनशील कूटनीतिक मिशन में बाधा डाल रहे थे।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ऑपरेशन गंगा की सफलता सुनिश्चित करने के लिए चार केंद्रीय मंत्रियों को यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भेजने के अलावा रूसी भाषा जानने वाले 50 अधिकारियों को भी लगाया था। दूसरी तरफ कांग्रेस रूसी दूतावास के काम बाधित करने में लगी थी। भाजपा सांसद ने कहा कि यूक्रेन में हालात ऐसे थे कि सुमी से छात्रों को निकालने के लिए बसें तैयार थीं। लेकिन, कोई चालक जान जोखिम में डालने को तैयार न था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^