भाजपा कभी भी मुस्लिम विरोधी नहीं रही: नीतीश
04-May-2024 10:52 PM 6898
समस्तीपुर 04 मई (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कभी भी मुस्लिम विरोधी नहीं रही, इनकी प्राथमिकता सबका साथ सबका विकास की रही है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुमार ने शनिवार को समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर में उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी एवं केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के पक्ष मे आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजग का परिवार पूरा बिहार और पूरा देश है। उन्होंने कहा कि वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को सिर्फ अपने परिवार के विकास की चिंता है न कि प्रदेश के लोगों की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कभी भी मुस्लिम विरोधी नहीं रही है। इनका सबका विकास एवं सबका साथ प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राजद सिर्फ वोट की खातिर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं। इस सभा को केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, जदयू के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू सांसद रामनाथ ठाकुर, भाजपा विधान पार्षद तरूण कुमार, युवा भाजपा के क्षेत्रीय प्रभारी गुंजन मिश्रा और भाजपा जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^