बूथ स्तर पर और मजबूती पर जोर दिया विष्णुदत्त ने
19-Dec-2021 11:32 PM 1603
इंदौर, 19 दिसंबर (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमें अपने संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत बनाना है। श्री शर्मा ने यहां इंदौर नगर की पार्टी कार्यसमिति की बैठक काे संबोधित किया। इस अवसर पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण की भी शुरुआत हुयी। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय और अन्य पार्टी नेता भी मौजूद थे। श्री शर्मा ने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवंगत कुशाभाऊ ठाकरे और अन्य समकक्ष नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमें इन नेताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि देना है तो पार्टी को बूथ स्तर पर तथा मंडल स्तर पर और मजबूत बनाना होगा। मंडल स्तर पर संगठन को स्वाबलंबी बनाने की आवश्यकता भी उन्होंने बतायी। श्री शर्मा ने देश के पहले रक्षा प्रमुख जनरल बिपिन रावत के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके प्रति श्रद्धांजलि भी अर्पित की। श्री शर्मा ने अपने संबोधन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के कार्यों का जिक्र किया और कहा कि इनके कार्यों और विचारों को हमें सभी कार्यकर्ताओं और लोगों तक पहुुंचाना है। श्री विजयवर्गीय ने अपने संबोधन में केंद्र की मोदी सरकार के कार्याें के बारे में बताया और कहा कि 2014 के पूर्व का भारत कैसा था और अब देश की अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में क्या छवि है, यह समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा देश अब प्रत्येक क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की कोशिश कर रहा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^