गडकरी ने बिहार में किया परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास
14-Nov-2022 11:49 PM 1280
नयी दिल्ली, 14 नवंबर (संवाददाता) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार के बक्सर में 3,390 करोड़ रुपये की दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और रोहतास में एलिवेटेड पुल का शिलान्यास किया। श्री गडकरी ने बक्सर में दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजभर-922 पर 1662 करोड़ रुपये की लागत से 44 किलो मीटर लंबा 4-लेन वाला कोइलवर से भोजपुर खंड तैयार किया गया है। इसी तरह से राष्ट्रीय राजमार्ग -922 पर 48 किलोमीटर 4-लेन भोजपुर से बक्सर खंड 1728 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के बनने से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी आसान होगी। इससे बिहार से लखनऊ होते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली पहुंचने में लगने वाला 15 घंटे का समय अब घटकर 10 घंटे हो जाएगा। इस सड़क से आरा में ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी और कृषि उत्पादों की नए बाजार तक पहुंच आसान होगा। उनका कहना था कि गंगा पुल के निर्माण से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यातायात सुगम हो जाएगा। इस मार्ग पर 37 अंडर पास पैदल चलने वालों और वाहनों की आवाजाही की सुविधा प्रदान करेंगे। श्री गडकरी ने बिहार के रोहतास में सोन नदी पर पंडुका के पास बनने वाले 1.5 किलो मीटर लंबे 2-लेन के एलिवेटेड आर.सी.सी. पुल का शिलान्यास भी किया। इसके निर्माण पर 210 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल, सांसद छेदी पासवान, विष्णु दयाल राम सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^