हर वर्ग का विश्वास जीतने का चुनाव है: शर्मा
09-May-2024 10:36 PM 5265
उज्जैन, 09 मई (संवाददाता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि यह केवल सांसद बनाने का नहीं, श्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री और सबका विश्वास जीतने का चुनाव है। श्री शर्मा उज्जैन लोकसभा क्षेत्र के उज्जैन उत्तर, उज्जैन दक्षिण और घट्टिया विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन काे संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति की दशा और दिशा बदली है। सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर चलते हुए प्रधानमंत्री सभी के जीवन में खुशियां ला रहे हैं। कांग्रेस जिस वर्ग को लेकर तुष्टिकरण की राजनीति करती है, आज वो वर्ग भी यह महसूस करने लगा है कि आजादी के बाद 75 वर्षों में यदि किसी प्रधानमंत्री ने उनके लिए काम किया है, तो श्री मोदी ही हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज बिना भेदभाव के हर वर्ग के लोगों को प्रधानमंत्री आवास मिल रहे हैं, पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिल रहा है। इस वर्ग के लोग भी प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में काम करना चाहते हैं। लेकिन कांग्रेस इनके बीच भ्रम फैला रही है। इसलिए पार्टी के कार्यकर्ता बिना संकोच के अल्पसंख्यक भाईयों के घर जाएं, उनसे मिलें और उनका विश्वास जीतें। श्री मोदी कहते हैं कि हमें सबका विश्वास जीतना है। इसलिए ये चुनाव सिर्फ सांसद चुनने का नहीं, बल्कि हर वर्ग का विश्वास जीतने का चुनाव है। श्री शर्मा ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कोई भी कुछ दावा नहीं कर पा रहा था। ऐसे में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सभी संभागों के कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने कहा कि अब मुझे विश्वास है, हम प्रचंड बहुमत से विधानसभा चुनाव जीत रहे हैं और सचमुच आप लोगों ने विधानसभा चुनाव में इतिहास रच दिया। ये कार्यकर्ताओं की ताकत है। कार्यकर्ता ही पार्टी की रणनीति बनाता है। हर चुनाव में वही प्रत्याशी होता है, चुनाव लड़ता है और जीतता है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में पूरे देश की जनता ने यह तय कर लिया है कि श्री नरेंद्र मोदी को ही तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। 400 पार का ये जो नारा है, प्रधानमंत्री कहते हैं कि यह नारा तो विपक्ष ने ही दिया है। कांग्रेस के नेता भी अब यह स्वीकार कर रहे हैं कि सरकार तो भाजपा की ही बनेगी। ऐसे में कांग्रेस अब चुनाव के नाम पर औपचारिकता ही निभा रही है। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के खून में आज भी अंग्रेजों के जींस है। इसलिए कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है, लोगों में जाति-पांति के आधार पर फूट डालने की कोशिश कर रही है। इसलिए कांग्रेस से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी मैदान से भाग रहे हैं। खजुराहो की धरती पर भगवान राम के चरण पड़े थे। वहां कांग्रेस का कोई प्रत्याशी नहीं लड़ा। भगवान जग्न्नाथ की कृपा से उड़ीसा की एक कांग्रेस प्रत्याशी ने भी चुनाव लड़ने से मना कर दिया। देवी अहिल्याबाई की नगरी इंदौर से कांग्रेस के प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया। उज्जैन में भी बाबा महाकाल की कृपा होगी और हम हर बूथ को कांग्रेस मुक्त बूथ बनाएंगे। हर बूथ पर कमल खिलाएंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^