जेड प्लस सुरक्षा देने के फैसले को वापस ले केंद्र सरकारः जत्थेदार
03-Jun-2022 10:50 PM 7326
अमृतसर, 03 जून (AGENCY) श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा उन्हें जेड प्लस सुरक्षा देने के फैसले को अप्रत्यक्ष रूप से अस्वीकार करते हुए केन्द्र सरकार से अपना फैसला वापस लेने के लिए कहा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा पिछले हफ्ते अकाल तख्त जत्थेदार सहित 424 लोगों की सुरक्षा वापस लेने के बाद विवाद के बाद यह घोषणा हुई है। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला, जिनकी सुरक्षा भी कम कर दी गई थी, की इस सप्ताह की शुरुआत में उनकी हत्या कर दी गई थी। जत्थेदार हरप्रीत सिंह ने कहा कि भारत सरकार ने उन्हे जेड प्लस सुरक्षा देने का फैसला किया है, जिसका वह सत्कार करते हैं, लेकिन सिख पंथ का प्रचार करने के लिए अक्सर उन्हें देश विदेशों में घूमना पड़ता है। बच्चों और महिलाओं से मिल कर उनकी समस्याओं को सुनना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जेड प्लस सुरक्षा मिलने से उनके कार्य में बाधा आएगी। इसलिए वह केन्द्र सरकार से अपील करते हैं कि उन्हें जेड प्लस सुरक्षा देने के फैसले को रद्द किया जाए। जत्थेदार ने शुक्रवार को यहां एक वीडियो जारी कर कहा,“मुझे ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। यह सिर्फ खबरों में है। जब मुझे इस बारे में आधिकारिक सूचना मिलेगी तो मैं प्रतिक्रिया दूंगा।' इससे पहले जत्थेदार ने तब इनकार कर दिया था, जब पंजाब सरकार ने 28 मई को एक विवाद के बाद उनकी सुरक्षा बहाल करने की पेशकश की थी, जब इसे आधा कर दिया गया था। पंजाब सरकार ने जत्थेदारों की सुरक्षा के लिए बठिंडा पुलिस और इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के तीन-तीन जवानों को तैनात किया था। पंजाब पुलिस ने हाल ही में उनमें से तीन को वापस ले लिया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^