झारखंड ने अंडमान-निकोबार को 28-0 से धोया
25-Oct-2021 10:36 PM 8712
झांसी 25 अक्टूबर (AGENCY) उत्तर प्रदेश के झांसी में चल रही 11वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप के पांचवे दिन हॉकी झारखंड और हॉकी अंडमान निकाेबार के बीच खेले गये मैच में झारखंड की टीम ने 28-0 से जीत हासिल की। प्रतियोगिता के पांचवें दिन खेले गये छह लीग मैचों में एक बार फिर सबसे करारी हार अंडमान निकोबार को मिली जिसे हॉकी झारखंड की टीम ने खेल के हर क्षेत्र में बुरी तरह से पछाड़ते हुए 28 गोल दागे जबकि अंडमान की टीम जवाब में एक भी गोल नही कर पायी। एक अन्य मैच में हॉकी कर्नाटक ने त्रिपुरा हॉकी की टीम को 11-0 से हराया। हॉकी राजस्थान और दिल्ली हॉकी की टीम में कांटे की टक्कर रही जिसमें दिल्ली की टीम को 2-1 से जीत हासिल हुई। दोनों ही टीम की खिलाड़ियों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया इसी का कारण रहा कि मुकाबले का फैसला इतने छोटे अंतर से हुआ। तमिलनाडु और तेलंगाना की टीमों की भिड़ंत में तमिलनाडु की टीम ने आठ गोल दागकर जीत का सेहरा अपने सिर बांधा और जवाब में तेलंगाना की टीम एक भी गोल नहीं कर पायी। उत्तर प्रदेश की टीम आज जम्मू कश्मीर की टीम से भिड़ी और 12-0 से जीत हासिल की। जम्मू कश्मीर की टीम ने बेहद लचर और निराशाजनक खेल का प्रदर्शन किया और एक भी मौके को गोल में नहीं बदल पायी। केरल हॉकी और असम हॉकी के बीच खेले गये मैच में केरल हॉकी ने 5-1 से जीत हासिल की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^