कांग्रेस दिल्ली में बैठे हाईकमान के इशारे पर नाचने वाली पार्टी : जरनैल सिंह
02-Feb-2022 06:56 PM 5310
चंडीगढ़, 02 फरवरी (AGENCY) आम आदमी पार्टी(आप) के पंजाब मामलों के प्रभारी जरनैल सिंह ने पंजाब कांग्रेस के नेता सुनील जाखड़ के बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा है कि श्री जाखड़ के बयान से साबित हो गया है कि कांग्रेस पार्टी दिल्ली में बैठे अपने हाईकमान सोनिया गांधी और राहुल गांधी के इशारे पर नाचने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने रिमोट कंट्रोल की तरह पंजाब की सरकार चलाने के लिए विधायक दल की सिफारिश के खिलाफ अपनी मनमर्जी से चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया। श्री सिंह ने आज यहां कहा कि श्री जाखड़ ने कहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाने के बाद विधायक दल की बैठक में जाखड़ के नाम पर 42 विधायकों ने सहमति जताई, उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को 16, परनीत कौर को 12, नवजोत सिद्धू को 6 और मुख्यमंत्री चन्नी को मात्र दो विधायकों का समर्थन था । श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने अपने विधायकों की मर्जी के खिलाफ, सिर्फ अपनी संतुष्टि के लिए दो विधायकों के समर्थन वाले चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बना कर पंजाब की जनता पर थोप दिया। उनके अनुसार कांग्रेस के नेता आम आदमी पार्टी पर दिल्ली से चलने का आरोप लगाते हैं लेकिन असलियत यह है कांग्रेस पार्टी दिल्ली के इशारे पर चलती है। मुख्यमंत्री चन्नी इसका सबूत हैं। भाजपा और कांग्रेस हाईकमान हर राज्यों में अपनी पसंद का मुख्यमंत्री बनाकर लोगों पर थोपते हैं जबकि आम आदमी पार्टी ने देश के इतिहास में पहली बार पंजाब में अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाने के लिए लोगों से राय ली और लोगों की पंसंद के अनुसार भगवंत मान को अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया है। श्री सिंह ने मुख्यमंत्री को लेकर कांग्रेस के सर्वे पर कहा कि आम आदमी पार्टी के सर्वे पर कांग्रेस के नेता सवाल उठाते थें। अब वह खुद सर्वे करवा रहे हैं। कांग्रेस हर मामले में पहले सवाल करती है फिर आम आदमी पार्टी का नकल करती है। उन्होंने कहा कि अपने सर्वे में कांग्रेस तीन विकल्प दे रही है पहला चरणजीत सिंह चन्नी, दूसरा नवजोत सिद्धू और तीसरा इनमें से कोई नहीं। लेकिन हमने लोगों को अपनी पसंद का मुख्यमंत्री चुनने के लिए खुला विकल्प दिया था। आप नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हार के डर से बौखला गई है। हार के डर से ही मुख्यमंत्री दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन वे दोनों जगह से चुनाव हारेंगे। इस बार लोगों ने कांग्रेस को सबक सिखाने का मन बना लिया है तथा 20 फरवरी को पंजाब के लोग कांग्रेस की झूठ और लूट का जवाब देंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^