11-Oct-2023 11:33 PM
1593
भोपाल, 11 अक्टूबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि वे उत्तराखंड से गंगा जी की पूजा करके आए हैं और एक ही संकल्प लेकर आए हैं कि मध्यप्रदेश की धरती पर भारी बहुमतों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनाएंगे।
श्री चौहान ने आज भाजपा के चुनावी प्रचार का शंखनाद किया। उन्होंने सबसे पहले भोपाल उत्तर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा के समर्थन में विशाल रोड किया तत्पश्चात सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में एमपी है और भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो विकास करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मध्यप्रदेश के विकास को निरंतर नई गति दी है। विकास की इस रफ्तार को दोगुनी करने के लिए हम फिर मैदान में हैं। उन्हे विश्वास है कि आप सभी का आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने भोपाल की उत्तर विधानसभा में से भाजपा के प्रत्याशी आलोक शर्मा भारी बहुमतों से विजयी बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आलोक शर्मा ने भोपाल महापौर रहते हुए अनेकों विकास कार्य किए हैं। वह इस क्षेत्र की तकदीर और तस्वीर बदल सकते हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर हमला करते हुए कहा कि ‘राहुल बाबा’ से लेकर कमलनाथ तक रोज कांग्रेसी उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते रहते हैं। उन्होंने कहा कल तो कांग्रेस के कुछ लोगों ने ट्वीट कर मामा का ‘श्राद्ध’ भी करवा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग दिन-रात, सुबह-शाम एक ही नाम शिवराज चौहान रटते रहते हैं। कई बार नींद में भी चमक जाते हैं।
श्री चौहान ने कहा कि वे जनता का सेवक हैं अगर मर भी जाएंगे तो राख के ढेर से फीनिक्स पक्षी की तरह अपनी जनता की सेवा के लिए पैदा हो जाएंगे। उन्होंने कहा मेरे श्राद की दुआ करने वालों मैं भगवान से दुआ करता हूं तुम्हें लंबी उम्र दे और भाजपा के शासन में तुम भी सुखी रहो।
उन्होंने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि ये वो कांग्रेस है जिसने देश को तबाह और बर्बाद किया। यह वही कांग्रेस है जिसने भारत को घोटालों का देश बनाने का अपराध किया था। उन्होंने कहा कि श्री गांधी कहते हैं, मोहब्बत की दुकान लेकिन राहुल गांधी ने झूठ की दुकान खोल रखी है।
मुख्यमंत्री ने सभा के दौरान श्री कमलनाथ से श्री गांधी द्वारा पूछी गई उम्र पर कटाक्ष किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से सवाल करते हुए कहा कि भोपाल वालो वे आपसे पूछना चाहते हैं कि वर्षों तक कांग्रेस ने प्रदेश और देश पर राज किया था। जबकि हमने प्रदेश में 17 साल सरकार चलायी, कांग्रेस ने तो 60 साल सरकार चलायी। प्रदेश की जनता के लिए कांग्रेस क्या किया। भोपाल उत्तर विधान को कांग्रेस ने विकास से दूर रखा। आलोक शर्मा भोपाल उत्तर की तकदीर और तस्वीर बदल सकते हैं। उन्होंने भोपाल महापौर के रूप में भी बहुत विकास कार्य कराएं हैं।
श्री चौहान ने कहा उन्होंने कभी किसी में भेद नहीं किया। सभा के पूर्व का घटनाक्रम सुनाते हुए श्री चौहान ने कहा अभी एक छोटा सा बच्चा उनके पास आया था, इस बेटे ने उन्हें एक चिट्ठी लिखी है। ‘शिवराज मामा’ निवेदन है कि, मेरे अब्बा 4 महीने से बीमार हैं वो चल नहीं पा रहे हैं, उनके पांव काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा वे अभी तुम्हारे अब्बा से भी मिलेगे और जो तुमने कहा है कि मामा उनके इलाज में मदद करो बेटा पूरा इलाज होगा चिंता मत करना।...////...