निर्यात चालू वित्त वर्ष में 400 अरब डालर के ऊपर रहेगा:गोयल
17-Mar-2022 08:24 PM 3900
नयी दिल्ली, 17 मार्च (AGENCY) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत से वाणिज्यक वस्तुओं का निर्यात चालू वित्त वर्ष के दौरान 14 मार्च तक लगभग 390 अरब अमेरिकी डालर तक पहुंच चुका था और मार्च के अंत तक यह 400 अरब डालर के ऊपर पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार चिप्स की कमी से संबंधित ऑटो सेक्टर की चिंताओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि 76,000 करोड़ रुपये के बजट के साथ हाल ही में स्वीकृत सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम आयात निर्भरता को कम करने में मदद करेगा और अंततः हमें चिप्स के क्षेत्र में आत्मानिभर बनने में मदद करेगा। श्री गोयल ने कहा कि अप्रैल-मार्च 2021-22 में देश का निर्यात निश्चित तौर पर 400 अरब डालर के ऊपर होगा। वह कल शाम नयी दिल्ली में ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर एक्सीलेंस अवार्ड्स और 7वें टेक्नोलॉजी समिट 2022 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत के वाहन कल-पुर्जा उद्योग ने पहली बार 60 करोड़ डालर का व्यापार अधिशेष दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि भारत का मोटर वाहन उद्योग 100 अरब डालर से अधिक का है और देश के कुल निर्यात में इस क्षेत्र का योगदान 8 प्रतिशत है। वाहन उद्योग भारत के सकल घरेलू उत्पाद का 2.3 प्रतिशत है और 2025 तक भारत इस क्षेत्र में तीसरा सबसे बड़ा बाजार बनने के लिए तैयार है। श्री गोयल ने घरेलू वाहन उद्योग की जुझारू क्षमता की सराहना की और कहा कि हमारी कंपनियों ने कोविड, कंटेनर, चिप, माल और अन्य चुनौतियों के बीच उद्योग को प्रगति की पटरी पर चलाए रखा। उन्होंने विनिर्माताओं को भारत में बने कंपोनेंट का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए कहा। उन्होंने उनसे अनुसंधान एवं विकास, विशेष रूप से ई-मोबिलिटी, विशेष रूप से और बैटरी तकनीक में अधिक निवेश करने के लिए कहा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^