राष्ट्रपति चुनाव के लिए राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने मंदिरों में की पूजा अर्चना
22-Jun-2022 06:55 PM 5267
भुवनेश्वर, 22 जून (AGENCY) झारखंड की पूर्व राज्यपाल एवं आदिवासी महिला नेता द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के मयूरभंज जिले के अपने पैतृक गांव रायरंगपुर के कई मंदिरों के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। श्रीमती मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार बनाया गया है। श्रीमती मुर्मू ने आज सुबह रायरंगपुर में भगवान जगन्नाथ, हनुमान और शिव मंदिरों के दर्शन किए और वहां पूजा-अर्चना की। उन्होंंने पूजा अर्चना करने से पहले शिव मंदिर परिसर की सफाई की। उन्होंने रायरंगपुर में प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का भी दौरा किया। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामांकन के बाद श्रीमती मुर्मू को जेड प्लस सुरक्षा प्रदान की गई है। यदि श्रीमती मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव जीत जाती हैं तो वह देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर काबिज होने वाली ओडिशा की पहली महिला होंगी। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए श्रीमती मुर्मू का उम्मीदवार बनाने पर उन्हेंं बधाई दी। जो वर्तमान में रोम में हैं। इसके अलावा केंद्रीय और जनजातीय मामलों के राज्य मंत्री बिसेश्वर टुडू और भारतीय जनता पार्टी ओडिशा राज्य इकाई के अध्यक्ष समीर मोहंती ने उन्हें बधाई दी। श्री पटनायक ने कहा, “देश के सर्वोच्च पद के लिए राजग के उम्मीदवार के रूप में घोषित होने पर श्रीमती मुर्मू को बधाई। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मेरे साथ इस पर चर्चा की तो मुझे खुशी हुई। यह वास्तव में ओडिशा के लोगों के लिए गर्व का क्षण है।” मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे विश्वास है कि श्रीमती मुर्मू देश में महिला सशक्तिकरण के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण स्थापित करेंगी।” भाजपा नेता मोहंती ने कहा कि राजग से श्रीमती मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने पर बहुत-बहुत बधाई।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^